सुशासन तिहार में गांव-शहर पहुंच रहा प्रशासन नगर पंचायत पटना शिविर में बड़ी संख्या में जुटे नगरवासी, 207 आवेदन प्राप्त कोरिया, 20 मई 2026
kamrun nisha


नगर पंचायत पटना शिविर में बड़ी संख्या में जुटे नगरवासी, 207 आवेदन प्राप्त
कोरिया, 20 मई 2026।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत नगर पंचायत पटना में बुधवार को जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। नगर पंचायत पटना के मिनी ग्राउंड में आयोजित शिविर में सभी वार्डों के निवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए और शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अपनी समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत किए।
जनप्रतिनिधियों ने नगरवासियों से शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने की अपील की तथा अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने दी योजनाओं की जानकारी

शिविर में समाज कल्याण विभाग द्वारा कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण प्रदाय योजना, विवाह प्रोत्साहन योजना, मोटराइज्ड ट्रायसायकल पंजीयन तथा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महतारी वंदन योजना, नोनी सुरक्षा योजना, नवाबिहान योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, पोषण अभियान, महिला स्व-सहायता समूह सशक्तिकरण, किशोरी बालिका योजनाएं एवं कुपोषण मुक्ति अभियान जैसी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की गई। अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी विभागीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र हितग्राहियों को लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

10 आवेदनों का मौके पर निराकरण
सुशासन तिहार के तहत आयोजित इस शिविर में कुल 207 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 10 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर में नागरिकों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं और

विभागीय योजनाओं से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की।
कार्यक्रम में नगर पंचायत पटना अध्यक्ष श्रीमती गायत्री सिंह, उपाध्यक्ष गौरव अग्रवाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रवीण उपाध्याय व बड़ी संख्या में पटनावासी उपस्थित रहे।
