सुशासन तिहार से पात्र हितग्राहियों को मिला त्वरित लाभ, राशन कार्ड व सीमांकन की हुई कार्रवाई

kamrun nisha

सुशासन तिहार से पात्र हितग्राहियों को मिला त्वरित लाभ, राशन कार्ड व सीमांकन की हुई कार्रवाई

नगर पालिका शिवपुर-चरचा और तहसील सोनहत में जनहित के कार्यों पर तत्काल संज्ञान लेकर किया समाधान

कोरिया मई 2025/राज्य सरकार द्वारा आयोजित सुशासन तिहार 2025 के अंतर्गत जिले में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप आमजन की समस्याओं और आवश्यकताओं के समाधान की दिशा में प्रभावशाली तथा पारदर्शिता के साथ कार्यवाही जारी है।

इसी कड़ी में नगर पालिका शिवपुर-चरचा क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक-02, चेराह पारा चरचा निवासी हितग्राही कामेश्वर प्रसाद पिता टालर साय (आयु 40 वर्ष) द्वारा प्राथमिकता श्रेणी का राशन कार्ड बनवाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया था। आवेदन प्राप्त होने के बाद नगर पालिका प्रशासन द्वारा तत्परता दिखाते हुए संबंधित विभाग से दस्तावेजों की पुष्टि करवाई गई। आवश्यक दस्तावेज प्राप्त होते ही तत्काल निर्णय लेते हुए नवीन राशन कार्ड जारी कर हितग्राही को सौंपा गया। इस कार्यवाही से हितग्राही और वार्डवासियों में प्रशासन के प्रति विश्वास और संतोष की भावना देखने को मिली।

इसी प्रकार तहसील सोनहत के ग्राम मधला स्थित खसरा नंबर 607/1 एवं 607/2, रकबा 0.44-0.44 हेक्टेयर भूमि से संबंधित आवेदक संजय कुमार सोनपाकर पिता सुन्दर लाल द्वारा सुशासन तिहार में आवेदन प्रस्तुत किया गया था। आवेदन की जांच के उपरांत संबंधित राजस्व अमले द्वारा स्थल निरीक्षण कर सीमांकन कार्यवाही पूर्ण की गई, जिससे भूमि विवाद की स्थिति समाप्त हुई और आवेदक को राहत मिली।

दोनों ही प्रकरण छत्तीसगढ़ शासन की ‘जनता से सीधे संवाद एवं त्वरित समाधान’ की भावना को दर्शाते हैं, जहां आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनकर समाधान प्रदान किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.