कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने निर्माणाधीन घर देखकर कहा-अब पक्की छत देगी सुकून की छांव प्रधानमंत्री आवास पाकर भावुक हुईं लक्ष्मी और यशोदा, बोलीं- कभी सपने में भी नहीं सोचा था अपना पक्का घर होगा
kamrun nisha
कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने निर्माणाधीन घर देखकर कहा-अब पक्की छत देगी सुकून की छांव
प्रधानमंत्री आवास पाकर भावुक हुईं लक्ष्मी और यशोदा, बोलीं- कभी सपने में भी नहीं सोचा था अपना पक्का घर होगा
कोरिया, मई 2026/ जिले की नवपदस्थ कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने मंगलवार को बैकुंठपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम बरदिया पहुंचकर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों से मुलाकात की और निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हितग्राही लक्ष्मी देवांगन तथा यशोदा देवांगन के निर्माणाधीन घरों को देखकर कहा कि अब यह पक्की छत उनके जीवन में सुकून और सुरक्षा की नई छांव लेकर आएगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती यादव ने हितग्राहियों से बातचीत करते हुए आवास निर्माण की प्रगति, प्राप्त किश्तों तथा आजीविका के संबंध में जानकारी ली। श्रीमती लक्ष्मी देवांगन ने बताया कि वे आंगनबाड़ी सहायिका हैं तथा उनके और उनकी बहन श्रीमती यशोदा देवांगन के पति का निधन हो चुका है। दोनों बहनें एक-दूसरे का सहारा बनकर एक ही स्थान पर अपना पक्का घर तैयार कर रही हैं।
अपनी भावनाएं साझा करते हुए दोनों बहनों ने कहा कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उन्हें पक्के घर में रहने का अवसर मिलेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके जीवन में नई उम्मीद जगाई है।
कलेक्टर श्रीमती यादव ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक जरूरतमंद और पात्र हितग्राहियों को पक्का आवास उपलब्ध कराया जाए, ताकि हर व्यक्ति सम्मानपूर्वक जीवन जी सके। उन्होंने हितग्राहियों को आवास निर्माण शीघ्र पूर्ण करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि बरसों की कठिनाइयों के बाद अब यह घर उनके जीवन में राहत और आत्मविश्वास लेकर आएगा।
मौके पर उपस्थित जिला पंचायत सीईओ डॉ आशुतोष चतुर्वेदी ने हितग्राहियों को मई माह के अंतिम सप्ताह तक स्लैब कार्य पूर्ण करने की सलाह दी, ताकि बारिश के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
गांव में कलेक्टर की इस आत्मीय मुलाकात और हितग्राहियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार की सराहना की जा रही है।

