जश्ने जबां जैसे आयोजन से प्रतिभाओं को अवसर – श्री भइया लाल राजवाड़ेआरू साहू, ओम अग्रहरि जैसे प्रख्यात युवाओं ने बाँधा शमासुंदरपुर विद्यालय के 40 छात्रों ने मलखंभ में दिखाया हुनर
kamrun nisha

जश्ने जबां जैसे आयोजन से प्रतिभाओं को अवसर – श्री भइया लाल राजवाड़े
आरू साहू, ओम अग्रहरि जैसे प्रख्यात युवाओं ने बाँधा शमा
सुंदरपुर विद्यालय के 40 छात्रों ने मलखंभ में दिखाया हुनर
बैकुंठपुर
कोरिया जिले में झुमका तट पर बने हुए ओपन एयर थियेटर में आयोजित दो दिवसीय जश्ने जबां का शानदार शुभारंभ विधायक श्री भइया लाल राजवाड़े द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री देवेन्द्र तिवारी, जिला पंचायत सीईओ डॉ आशुतोष चतुर्वेदी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, वरिष्ठ साहित्यकार, विभिन्न विधाओं के कलाकार और हजारों की संख्या में कोरिया वासी उपस्थित रहे। साईनाथ फाउंडेशन रायपुर के तत्वाधान में आयोजित इस दो दिवसीय आयोजन में साहित्य संस्कृति और लोक कला का अनूठा संगम हो रहा है। प्रथम दिन विधायक श्री भइया लाल राजवाड़े ने दीप प्रज्ज्वलन कर आयोजन की औपचारिक शुरुआत की।
मंचीय आयोजन से युवाओं को अवसर
क्षेत्रीय विधायक श्री भइया लाल राजवाड़े ने इस आयोजन के औपचारिक उद्घाटन कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जश्ने जबां जैसे प्रख्यात आयोजन में मंच पाकर नई-नई कला प्रतिभाओं को अवसर मिल रहा है। इससे आने वाले समय में कोरिया जिले के युवाओं को प्रदेश और देश स्तर पर प्रदर्शन का अवसर मिल सकेगा। जश्ने जबां के सातवें संस्करण हेतु आयोजक संस्था साईनाथ फाउंडेशन को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने आयोजन की सफ़लता के लिए मंच से बधाई दी। अतिथि श्री श्री देवेन्द्र तिवारी ने भी अपने उद्बोधन में युवाओं को आगे बढ़कर अपने कला के प्रदर्शन से जिले का नाम रौशन करने का आवाहन किया। आयोजन पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्होंने जिले की सभी कला प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने हेतु हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया।
डॉ आशुतोष की उपन्यास यक्षिणी का विमोचन
जश्ने जबां के प्रथम दिन उपस्थित मुख्य अतिथि अतिथि बैकुंठपुर विधायक श्री भइया लाल राजवाड़े और भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी ने डॉ आशुतोष चतुर्वेदी द्वारा लिखित प्रथम उपन्यास यक्षिणी का विमोचन किया। अतिथियों ने शासकीय सेवा में रहते हुए लेखन कर्म करते हुए उपन्यास लिखने पर डॉ आशुतोष चतुर्वेदी को बधाई और शुभकामनाएं दी। श्री भइया लाल राजवाड़े ने कहा कि जल्द ही वह पूरा उपन्यास पढ़कर अपनी प्रतिक्रिया देंगे। इस अवसर पर लेखक के पिता श्री मदन मोहन चतुर्वेदी ने भी अपने उद्बोधन में डॉ आशुतोष की उपन्यास लिखने पर सुखद आश्चर्य व्यक्त करते हुए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
पहले दिन आरू साहू,ओम अग्रहरि ने बाँधा शमा
जश्ने जबां के मंच पर ओपन माइक से कार्यक्रम की श्रृंखला शुरू हुई जिसमें जिले की विशिष्ट गायन प्रतिभा मास्टर ओम अग्रहरि ने शमा बाँध दिया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति में रायपुर से आई संगीता नृत्य अकादमी के दल ने कथक की प्रस्तुति दी। जश्ने जबां के प्रथम दिन आखिरी कार्यक्रम में मंच पर आई प्रख्यात लोक गायिका, छत्तीसगढ़ रत्न सुश्री आरू साहू ने देर रात तक भजन और लोक गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।
कोरिया के 82 युवाओं ने दिखाए हुनर
जश्ने जबां के सातवें संस्करण में पहले दिन आयोजित हुए विभिन्न विधाओं के प्रस्तुति में जिले की 82 प्रतिभाओं को मंच से अपनी कला का प्रदर्शन करने का अवसर प्राप्त हुआ। पहले सचिन गुप्ता,सोनम सोनी,ओम अग्रहरी जैसे युवाओं ने गायन में हुनर दिखाया, उसके बाद सुंदरपुर विद्यालय के 40 छात्र छात्राओं के दल ने मलखंभ में अपना जौहर दिखाया। साथ ही स्थानीय लोक नर्तक दल के 30 सदस्यों ने अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को उत्साह से भर दिया। काव्य पाठ में बैकुंठपुर से तारा पाण्डे, सुनील शर्मा, मंच संचालन में अलीशा शेख जैसे युवाओं ने कला प्रदर्शन किया। इसके अलावा रायपुर से आए कवि पंकज रामभक्त,शिल्पा पांडेय अंबिकापुर सुमित देवांगन बैंड ग्रुप,दीपिका रजवाड़े, अभिजीत सिंह चिरमिरी और अतुल चौबे ने मंच से प्रस्तुति दी।
इस दौरान पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्री शैलेश शिवहरे, श्री योगेश शुक्ला, श्री शैलेन्द्र शर्मा, प्रविंद्र सिंह, अरुण जैन, योगेंद्र मिश्रा, श्री महेंद्र वैद्य, जिला खेल अधिकारी श्री जितेन्द्र गुप्ता, वरिष्ठ साहित्यकार श्री वीरेंद्र श्रीवास्तव, संतोष जैन, गौरव अग्रवाल, योगेश गुप्ता, ताहिर आजमी, संवर्त कुमार, आशीष सिंघानिया, श्वेता सोनी, आयुष नामदेव सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी, दर्शक,श्रोता उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान मुख्यालय डीएसपी राजेश साहू, श्री श्याम मधुकर, कोतवाली प्रभारी राजेश तिवारी, पटना थाना प्रभारी श्री प्रमोद पांडे, सब इंस्पेक्टर मुनाफ पटेल अपनी टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था में डटे रहे।

