मानस भवन में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित हितग्राहियों को मिली सहायता सामग्री, नशामुक्ति की दिलाई गई शपथ

मानस भवन में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित

हितग्राहियों को मिली सहायता सामग्री, नशामुक्ति की दिलाई गई शपथ

कोरिया, 25 मई 2026/ नगर पालिका बैकुंठपुर के मानस भवन में सोमवार को जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नगर के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए और शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अपनी समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नवीता शिवहरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने का आग्रह किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

शिविर में समाज कल्याण विभाग द्वारा कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण प्रदाय योजना, विवाह प्रोत्साहन योजना, मोटराइज्ड ट्रायसायकल पंजीयन तथा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना की जानकारी दी गई।

विभाग द्वारा नगर पंचायत पटना की वृद्धा श्रीमती फुल कुंवारी को श्रवण यंत्र तथा ग्राम पतरापाली निवासी श्री प्रेमबहादुर को बैसाखी प्रदान की गई। वरिष्ठ नागरिकों को छड़ी का भी वितरण किया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महतारी वंदन योजना, नोनी सुरक्षा योजना आदि की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने गोदभराई रस्म में भी हिस्सा लिया।

शिविर में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत सामूहिक शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं नागरिकों ने नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।

जनसमस्या निवारण शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना रहा है।
