कोरियाछत्तीसगढ़

जिला अस्पताल पहुंचकर कलेक्टर ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा। डॉक्टर और स्टॉफ मरीजों के प्रति संवेदनशील रहें’- रोक्तिमा यादव

kamrun nisha

जिला अस्पताल पहुंचकर कलेक्टर ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

‘अस्पताल जांच-उपचार के साथ-साथ लोगों की उम्मीद और विश्वास का केंद्र भी है’-कलेक्टर

‘डॉक्टर और स्टॉफ मरीजों के प्रति संवेदनशील रहें’-श्रीमती रोक्तिमा यादव

कोरिया कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने गुरुवार को जिला अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नए मरीजों के पंजीयन कक्ष, विभिन्न वार्डों तथा बुजुर्ग स्वास्थ्य देखभाल केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों से सीधे बातचीत कर उपचार एवं सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती यादव ने कहा कि अस्पताल जांच-उपचार के साथ -साथ लोगों की उम्मीद और विश्वास का केंद्र होता है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों को ‘धरती का भगवान’ कहा जाता है, क्योंकि वे न केवल मरीजों का जीवन बचाते हैं, बल्कि उनके परिवारों में खुशियां भी लौटाते हैं।

उन्होंने डॉक्टरों एवं अस्पताल स्टॉफ से कहा कि मरीजों और उनके परिजनों के साथ आत्मीय संवाद एवं मैत्रीपूर्ण व्यवहार करना भी उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कलेक्टर ने कहा ‘कई बार संवेदनशील व्यवहार ही मरीज की आधी तकलीफ दूर कर देता है।

कलेक्टर ने वार्डों में भर्ती मरीजों से अस्पताल की व्यवस्थाओं, जांच एवं उपचार संबंधी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल स्टॉफ को निर्देशित करते हुए कहा कि चाहे कार्य का कितना भी दबाव क्यों न हो, मरीजों के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखना आवश्यक है।

उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि डॉक्टर एवं स्टॉफ समय पर अस्पताल पहुंचें और नियमित रूप से मरीजों की जांच, उपचार व वार्डों का निरीक्षण करें। साथ ही अस्पताल में दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती यादव ने दिन एवं रात में ड्यूटी करने वाले डॉक्टरों और कर्मचारियों से कहा कि वे पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करें तथा किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा समय पर भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। वार्डों, शौचालय कक्ष, बेड की नियमित सफाई करने तथा शौचालय कक्ष में लाइट व पानी व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बुजुर्ग स्वास्थ्य देखभाल केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां के स्टॉफ से विगत आठ माह में उपचार के लिए पहुंचे बुजुर्गों की संख्या तथा उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी प्राप्त की। साथ ही मरीजों से नियमित फीडबैक लेने के लिए रजिस्टर संधारित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि निर्माणाधीन नए जिला अस्पताल भवन में बुजुर्ग स्वास्थ्य देखभाल केंद्र को भी स्थान दिया जाए, ताकि सभी वर्गों के लोगों को एक ही परिसर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *