आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण।
kamrun nisha

आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण।
कोरिया, 02 सितंबर 2026/ कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने बुधवार को बैकुंठपुर विकासखंड के बचरा-पोड़ी क्षेत्र के उप स्वास्थ्य केंद्र सांवला, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बचरा-पोड़ी एवं उप स्वास्थ्य केंद्र बंजारीडॉड का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा मरीजों से सीधे बातचीत कर उनके स्वास्थ्य और उपचार के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों, रिकॉर्ड एवं अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग के सभी ऑनलाइन पोर्टल में समय पर एंट्री सुनिश्चित करें और सभी रिकॉर्ड एवं दस्तावेज पूर्ण रखें। स्वास्थ्य कर्मी अपने क्षेत्र की मितानिनों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों की नियमित निगरानी एवं फॉलोअप करें। उन्होंने कर्मचारियों को समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने और अपने कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी स्वास्थ्य कर्मी अपने क्षेत्र की जमीनी स्थिति से अवगत रहें और मरीजों को बेहतर एवं समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं।
निरीक्षण के दौरान जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह, सहित संबंधित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


