सीएम हेल्पलाइन बनी राम जी के लिए मददगार, खाते में पहुंची 12 हजार रुपये की राशि
kamrun nisha
शौचालय की प्रोत्साहन राशि नहीं मिलने की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, डीबीटी से हुआ भुगतान
कोरिया, सितंबर, 2026/ शिकायत दर्ज की और समाधान भी मिल गया। जनपद पंचायत बैकुण्ठपुर की ग्राम पंचायत सांवारावा निवासी श्री राम जी कुशवाहा के लिए सीएम हेल्पलाइन मददगार साबित हुई। व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की प्रोत्साहन राशि नहीं मिलने की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए उनके खाते में 12 हजार रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित कर दी गई।
श्री राम कुशवाहा ने व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की प्रोत्साहन राशि प्राप्त नहीं होने को लेकर विगत दिनों सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत सामने आते ही संबंधित विभाग ने प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की और पात्र हितग्राही को योजना का लाभ दिलाया।
कलेक्टर के निर्देशन में शिकायत का हुआ निराकरण
कलेक्टर ने विगत दिनो सभी अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों को गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश भी दिए थे। श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देशन एवं सीईओ जिला पंचायत श्री योगेन्द्र श्रीवास के मार्गदर्शन में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत शिकायत का सकारात्मक निराकरण सुनिश्चित करते हुए 12 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि सीधे हितग्राही के बैंक खाते में पहुंचाई गई।
सीएम हेल्पलाइन से सीधे हितग्राही तक पहुंचा लाभ
प्रकरण से यह स्पष्ट होता है कि सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं शासन-प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं और उनके निराकरण की प्रक्रिया भी सुनिश्चित होती है। श्री राम कुशवाहा को शौचालय निर्माण की प्रोत्साहन राशि मिलने से उन्हें शासन की योजना का प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हुआ।

