Monday, September 21, 2026
कोरियाछत्तीसगढ़

एक यूनिट रक्तदान से बच सकती हैं कई जिंदगियां, 24 सितंबर को विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर

आइए, रक्तदान कर जीवन बचाने के इस सेवा संकल्प का हिस्सा बनें

एक यूनिट रक्तदान से बच सकती हैं कई जिंदगियां, 24 सितंबर को विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर

सेवा मेरा योगदान के अंतर्गत एसईसीएल क्लब गौतम सदन में होगा रक्तदान शिविर

आइए, रक्तदान कर जीवन बचाने के इस सेवा संकल्प का हिस्सा बनें

कोरिया, 21 सितंबर 2026/ ‘खून की हर बूंद किसी न किसी के लिए सांस के समान है, देना ही जीना है’-इसी मानवीय भावना के साथ जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत आगामी बुधवार 24 सितंबर 2026 को विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

शिविर का आयोजन एसईसीएल क्लब, गौतम सदन, ऑफिसर्स कॉलोनी, बैकुंठपुर में प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। यह अभियान कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बलवंत सिंह के मार्गदर्शन में जिले में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और रक्त कोष को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

आपातकाल में जरूरतमंदों को समय पर उपलब्ध होगा रक्त
शिविर का प्रमुख उद्देश्य जिले के रक्त कोष को पर्याप्त एवं सुदृढ़ बनाना है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों, दुर्घटना में घायल व्यक्तियों तथा गंभीर रूप से बीमार मरीजों के उपचार में रक्त की उपलब्धता अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

जिला प्रशासन ने जिले के शासकीय कर्मचारियों, अधिकारियों, युवाओं, व्यापारियों, साहित्यकारो, पत्रकारो, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों एवं जागरूक नागरिकों से इस पुनीत कार्य में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने की अपील की है। रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को जिला प्रशासन की ओर से सम्मान पत्र प्रदान कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा।

युवाओं और सामाजिक संगठनों से बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बलवंत सिंह ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा है कि रक्तदान एक महान मानवीय सेवा है। स्वस्थ नागरिकों को आगे आकर स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए, ताकि जरूरत के समय किसी मरीज को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े। उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं से विशेष रूप से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।

कौन कर सकता है रक्तदान
सीएमएचओ से मिली जानकारी के अनुसार स्वस्थ व्यक्ति, जिसकी आयु 18 से 60 वर्ष के बीच हो तथा जिसका वजन 45 किलोग्राम से अधिक हो, निर्धारित चिकित्सकीय जांच एवं पात्रता के अनुसार रक्तदान कर सकता है। रक्तदान से पूर्व स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा आवश्यक स्वास्थ्य जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *