Sunday, November 1, 2026
Latest:
कोरियाछत्तीसगढ़

कलेक्टर ने परखी तैयारियां, उल्लास और उमंग से मनेगा 26वां राज्योत्सव छत्तीसगढ़ी संस्कृति की बिखरेगी छटा, संजय सुरीला के लोकगीतों से सजेगी शाम

कमरून निशा

कलेक्टर ने परखी तैयारियां, उल्लास और उमंग से मनेगा 26वां राज्योत्सव

छत्तीसगढ़ी संस्कृति की बिखरेगी छटा, संजय सुरीला के लोकगीतों से सजेगी शाम

विधायक श्री भइयालाल राजवाड़े होंगे मुख्य अतिथि

कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिलेवासियों से सपरिवार शामिल होने की अपील की

कोरिया, 1 छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कोरिया जिले में 26वां राज्योत्सव उल्लास और उमंग के साथ मनाया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने आयोजन की तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार, 2 नवंबर को बैकुंठपुर स्थित शासकीय आदर्श रामानुज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मिनी स्टेडियम में स्थानीय प्रतिभाओं और प्रदेश के कलाकारों की प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक संध्या सजेगी।

समारोह के मुख्य अतिथि बैकुंठपुर विधायक श्री भइयालाल राजवाड़े होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत, भरतपुर-सोनहत विधायक श्रीमती रेणुका सिंह सहित पंचायत एवं नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि आमंत्रित हैं।

शाम 4 बजे से स्थानीय कलाकार देंगे प्रस्तुतियां
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 4 बजे से 5:30 बजे तक स्थानीय कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। शाम 5:30 बजे से 6 बजे तक मुख्य अतिथि का आगमन एवं उद्घाटन कार्यक्रम होगा। इसके बाद शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।

लोकगीत, महारास, मोर नृत्य और पंडवानी होंगे आकर्षण
सांस्कृतिक संध्या में अंबिकापुर के प्रसिद्ध लोकगायक संजय सुरीला छत्तीसगढ़ी लोकगीतों की प्रस्तुति देंगे। रायपुर के किरण शर्मा एंड ग्रुप द्वारा महारास एवं मोर नृत्य और बिलासपुर के वाइब्रेशन डांस स्टूडियो द्वारा वेस्टर्न डांस प्रस्तुत किया जाएगा। नरेन्द्र जलक्षत्रिय एवं सुश्री शिल्पा सिंह कथक नृत्य की प्रस्तुति देंगे। निनवा के जय दुर्गा पंडवानी दल की पंडवानी तथा रायपुर के सिसौदिया म्यूजिक की सुगम संगीत प्रस्तुति भी कार्यक्रम का आकर्षण होगी।

विभागीय प्रदर्शनियों से मिलेगी योजनाओं की जानकारी
कलेक्टर श्रीमती यादव ने बताया कि राज्योत्सव की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं तथा व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है। आयोजन स्थल पर शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विभागीय प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। इनके माध्यम से नागरिकों को योजनाओं, उपलब्धियों और उनका लाभ प्राप्त करने के संबंध में जानकारी मिलेगी।

कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिलेवासियों से सपरिवार राज्योत्सव में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत के इस उत्सव में सहभागी बनने तथा स्थानीय प्रतिभाओं और कलाकारों का उत्साहवर्धन करने का आग्रह किया है।