राजीव गांधी किसान न्याय योजना के जरिये किसानों को उनका हक दिला रही है भूपेश सरकार – किसान शिवचंदर
कमरुन निशा
कोरिया 22 जून 2020/ भूपेश सरकार की तारीफ करते हुये किसान शिवचंदर कहते हैं कि सरकार किसानों को उनका हक दिला रही है। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत उनके द्वारा बेचे गये धान की बोनस राशि की प्रथम किश्त पाकर वे और उनका पूरा परिवार बेहद खुश हैं। मेहनत का उचित प्रतिफल मिल रहा है, अब किसान के प्रति सच्चा न्याय होने लगा है।
विकासखण्ड खड़गवां के ग्राम दुग्गी के निवासी किसान शिवचंदर ने आदिम जाति सहकारी सेवा समिति, खड़गवां में लगभग 88 क्विंटल धान बेचा था। उन्हें समर्थन मूल्य पर बेचे गये कुल धान के एवज में राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत 1 लाख 5 हजार से अधिक की राशि प्राप्त होगी और प्रथम किश्त के रूप में 15 हजार 291 रूपये की राशि शासन द्वारा उनके खाते में जमा करायी गयी है।
उन्होंने बताया कि वे मुख्यतः खरीफ फसल में धान की ही पैदावार करते हैं। समय-समय पर शासकीय योजनाओं का लाभ भी मिलता रहता है। खाद-बीज आदि के संबंध में विभागीय अधिकारी सहयोग करते हैं। धान विक्रय से प्राप्त राशि से परिवार का जीवन यापन होता है। कोरोना संक्रमण के चलते पूरे देश में लॉकडाउन होने से खेती किसानी की चिंता सता रही थी। इस कठिन समय में राजीव गांधी किसान न्याय योजना के जरिये सरकार ने किसानों को उनकी मेहनत का प्रतिफल दिया है। जरूरत के क्षण में किसानों की भावनाओं को सरकार ने समझकर आर्थिक संबलता प्रदान की है। उन्होंने भूपेश सरकार के इस निर्णय के लिए धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया है।

