प्रत्येक ग्राम पंचायतों में प्रतिसोमवार को ग्राम चैपाल का होगा आयोजन-कलेक्टर गौठान समिति का किया जायेगा नये सिरे से गठन आगामी 9 मार्च को 228 दिव्यांगों को किया जायेगा कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण का वितरण समय सीमा की बैठक संपन्न

कमरुन निशा
कोरिया 03 मार्च 2020/ कलेक्टर श्री डोमन सिंह की अध्यक्षता में आज यहां जिला कलेक्टोरेट के प्रथम तल स्थित सभाकक्ष में समय सीमा की बैठक संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिले के सभी विकासखण्डों के प्रत्येक ग्राम पंचायतों में प्रतिसोमवार को अपरान्ह 3 बजे से शाम 5 बजे तक ग्राम चैपाल का आयोजन किया जायेगा। ग्राम चैपाल में स्थानीय स्तर पर ग्रामीण समस्याओं का निराकरण किया जायेगा। जिसमें ग्राम पंचायत सचिव, पटवारी, रोजगार सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। उन्होंने ग्राम चैपाल के बेहतर क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। कलेक्टर के विशेष पहल पर सभी नगरीय निकायों, तहसील तथा खण्ड स्तरीय कार्यालयों में भी सप्ताह में एक दिन जनचैपाल का आयोजन किया जा रहा है।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले के विकासखण्ड सोनहत में विविध कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। जिसमें सरगुजा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं भरतपुर-सोनहत क्षेत्र के विधायक श्री गुलाब कमरो मुख्य अतिथि होंगे। शिविर में लोन से संबंधित विभाग अपना प्रस्तुतिकरण देंगे। इसमें स्व सहायता समूह की महिलाओं एवं महिला जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जायेगा। कार्यक्रम में 23 ई रिक्शा का वितरण, बिहान कैंटीन का शुभारंभ, महिलाओं के स्वास्थ्य जांच हेतु स्वास्थ्य शिविर तथा स्व सहायता समूह की महिलाएं जो जनप्रतिनिधि के रूप में निर्वाचित हुई हैं को सम्मानित भी किया जायेगा। इसी तरह उन्होंने कहा कि नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का जिला पंचायत कोरिया के सभाक्षक में प्रशिक्षण आयोजित होगा।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि गौठान समिति का नये सिरे से गठन किया जायेगा। बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए निर्बाध विद्युत आपूर्ति करने एवं किसी भी परिस्थिति में विद्युत बंद नहीं होनी चाहिए तथा उन्होंने सभी एसडीएम-एसडीओपी को डी.जे.वालों की बैठक लेने तथा लाउडस्पीकर बजने पर नियमानुसार जप्ती की कार्यवाही करने निर्देशित किया। इसी क्रम में उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को कोरोना वायरस के संबंध में राज्य सरकार के दिशा निर्देशों से आमजनों को अवगत कराने तथा प्रचार-प्रसार करने कहा। सीएचएमओ ने बताया कि जिला चिकित्सालय में अलग से आइसोलेशन वार्ड तैयार किया जा चुका है। उन्होंने विस्तार से जानकारी देते हुए अलर्ट रहने तथा चीन, साउथ कोरिया, जापान, वियतनाम, हांगकांग, इंडोनेशिया सहित सभी संभावित देशों की यात्रा न करने की बात कही।
इसी तरह कलेक्टर श्री सिंह ने रेड क्रास के संयुक्त तत्वाधान में ब्लड डोनेशन कैंप के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा विकासखंड मनेन्द्रगढ में 5 मार्च, भरतपुर में 6 मार्च एवं बैकुण्ठपुर में 7 मार्च को ब्लड डोनेशन कैंप के आयोजन हेतु स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिये। ब्लड डोनेशन कैंप में प्रत्येक रक्तदाता को प्रमाण पत्र देने तथा 25 से अधिक बार रक्तदान कर चुके व्यक्तियों का सम्मान करने की बात कही। ब्लड डोनेशन कैंप जिला चिकित्सालय बैकुण्ठपुर सहित मनेन्द्रगढ एवं जनकपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आयोजित होगा।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिले के सभी विकासखण्डों में कार्यक्रम आयोजित कर दिव्यांगों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण का वितरण आगामी 9 मार्च को किया जायेगा। इस कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कुल 228 दिव्यांगों को 24 लाख 99 हजार 965 रूपये की राशि का मोटराईज्ड ट्रायसायकल, ट्रायसायकल, व्हीलचेयर, बैशाखी, श्रवण यंत्र, छड़ी एवं स्मार्ट केन दिया जायेगा। विकासखंड बैकुण्ठपुर में जनपद पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष में 63, विकासखंड खडगवां के सामुदायिक भवन में 38, विकासखंड सोनहत के सामुदायिक भवन में 34, विकासखंड भरतपुर के सामुदायिक भवन में 45 एवं विकासखंड मनेन्द्रगढ़ के सामुदायिक भवन में 48 दिव्यांगों को उनकी निःशक्तता न्यूनतम कर गतिशीलता बढ़ाने तथा उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रबल करने के उद्देश्य से कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण का वितरण किया जायेगा। इस हेतु उन्होंने सृदृढ़ व्यवस्था करने समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया।
बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में सामूहिक विवाह 26 मार्च को कराया जायेगा। योजना के तहत जिले के एकीकृत बाल विकास परियोजना बैकुण्ठपुर के 25, सोनहत के 17, भरतपुर के 25, मनेन्द्रगढ के 50 खडगवां के 35 एवं चिरमिरी के 10 सहित कुल 162 जोड़ों का विवाह कराने का लक्ष्य मिला है। सभी विवाहितों को विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र जारी करने के भी निर्देश दिये। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि 32 स्थानों पर मंझेनी बेंगरा का निर्माण होने की जानकारी दी।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन के द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रति जिले की समस्त जनता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से काॅलेज के विद्यार्थियों को हेलमेट जनजागरूकता हेतु शपथ दिलाया जायेगा। उन्होंने सभी शासकीय अधिकारियों को जगतपुर के ग्राम बारबांध में जाकर ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी देने और उन्हें लाभान्वित करने के निर्देश भी दिये। महलपारा स्थित शासकीय स्कूल में आगामी शैक्षणिक सत्र से इंग्लिश मीडियम में पढ़ाई शुरू होगी। इसके लिए संबंधित अधिकारी पूर्व तैयारी कर लें।
बैठक में कलेक्टर ने समस्त विभाग प्रमुखों को विधानसभा में चल रहे सत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के भी निर्देश दिये। उन्होंने राज्य शासन की 5 महत्वाकांक्षी योजनाओं जिनमें मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, मुख्यमंत्री वार्ड कार्यालय योजना, सार्वभौम पीडीएस, मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना एवं मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक योजना शामिल हैं, इनके बेहतर संचालन के विषय में संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। इसी तरह उन्होंने एनजीटी के तहत सभी विभागों से कार्य प्रगति, विभाग में उल्लेखनीय कार्य, अनुपयोगी सम्पत्ति आदि की जानकारी ली तथा अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने कहा।
बैठक के दौरान जेनेरिक दवाईयां लिखने, शांति समिति की बैठक, अपराधियों की धरपकड़, सभी कार्यालयों में प्रतिदिन राष्ट्रगान कराने, पशुओ के कृत्रिम गर्भाधान, चारा कलेक्शन, वृध्दाश्रम में नियमित हेल्थ चेकअप, पेंशन, ऋण पुस्तिका सत्यापन, रात्रिकालीन कार्यालयों में सुरक्षा, जेल निरीक्षण, पेंच रिपेयर, आवास आबंटन, वन अधिकार पट्टा वितरण, किसान सम्मान निधि, एथेनाल निर्माण, राम वनगमन मार्ग, जन्म, मृत्यु एवं विवाह प्रमाण पत्र, सड़क सुरक्षा सम्मान के अंतर्गत हेलमेट पहनने वाले दोपहिया वाहन चालकों का सम्मान करने, सातवीं आर्थिक गणना के सर्वेक्षण कार्य, प्रधानमंत्री श्रम योगी मान धन योजना, स्कूल, छात्रावास, आश्रम का निरीक्षण, कौशल विकास, जिला अस्पताल में संध्या ओपीडी, श्रम पेंशन, लोक सेवा गारंटी, स्वच्छता अभियान, नशामुक्ति कार्यक्रम, प्लास्टिक यूज पर प्रतिबंध आदि की जानकारी प्राप्त की और संबंधितों को निर्धारित समय सीमा में पेंडिंग कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती तुलिका प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री सुखनाथ अहिरवार सहित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, डिप्टी कलेक्टर, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नगरीय निकाय के अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.