राष्ट्रपति प्रधानमंत्री ने रामविलास पासवान के घर पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का बीते कल निधन हो गया। शुक्रवार सुबह उनके शव को दिल्ली स्थित उनके आवास पर लाया गया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम विलास पासवान के पार्थिव शरीर पर उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और दुखी परिवार को ढांढस बंधाया। इस समय प्रधानमंत्री मोदी के साथ मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद भी मौजूद थे। पीएम मोदी के श्रद्धांजलि अर्पित करने के कुछ ही देर बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी रामविलास पासवान को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया। राष्ट्रपति कोविंद के साथ रामविलास पासवान को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए बिहार से उनके साथी नेता रहे केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे भी पहुंचे। उन्होंने भी श्रद्धांजलि अर्पित कर परिवार से मिलकर सांत्वना दिया।
लोजपा नेता रामविलास पासवान के निधन पर पीएम मोदी ने लिखा, ‘मैं शब्दों के परे दुखी हूं। देश में यह एक ऐसा शून्य है, जो कभी नहीं भर पाएगा। रामविलास पासवान का निधन मेरे लिए निजी क्षति है। मैंने अपना दोस्त, सहयोगी खो दिया। वहीं राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शोक व्यक्त करते हुए लिखा, ”केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन से देश ने एक दूरदर्शी नेता खो दिया है। उनकी गणना सर्वाधिक सक्रिय तथा सबसे लंबे समय तक जनसेवा करने वाले सांसदों में की जाती है। वे वंचित वर्गों की आवाज़ मुखर करने वाले तथा हाशिए के लोगों के लिए सतत संघर्षरत रहने वाले जनसेवक थे।”