जिले में कोविड वैक्सीन की तैयारियां शुरू कलेक्टर राठौर की अध्यक्षता में जिला टास्क फ़ोर्स की बैठक सम्पन्न
कमरून निशा
कोरिया 03 दिसंबर 2020/ जिले में कोविड वैक्सीन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं। इसके लिए आज जिला टास्क फोर्स की बैठक कलेक्टर एस एन राठौर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में कलेक्टर राठौर ने कोरोना वैक्सीन के संबंध में सभी तैयारियां दुरुस्त रखने के निर्देश सीएमएचओ को दिए एवं जिला प्रशासन द्वारा हर संभव मदद की बात कही।सीएमएचओ डॉ रामेश्वर शर्मा द्वारा बैठक में सभी विकासखण्डों के स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ब्लॉक स्तर पर पूर्व तैयारी रखने के निर्देश दिए गए एवं जिला प्रशासन के सभी विभागों को परस्पर सहयोग करने की अपील की।

जिला कोरिया कलेक्टर ने ली उपलब्ध संसाधनों की जानकारी
कलेक्टर श्री राठौर ने सीएमएचओ से उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। डॉ शर्मा ने बताया कि शासकीय एवं निजी क्षेत्र से कोविड नियंत्रण के कार्यों में संलग्न स्वास्थ्य कर्मियों की संख्या कुल 2984 है। उपलब्ध संसाधनों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में जिले में वैक्सीन के रख-रखाव हेतु कुल 19 कोल्ड चैन पॉइंट्स है तथा 07 कोल्ड चैन पॉइंट्स प्रस्तावित हैं।
कलेक्टर राठौर ने बैठक में कोरोना वैक्सीन के संधारण हेतु सभी कोल्ड चैन पॉइंट में बिजली की उपलब्धता निरंतर और निर्बाध रूप से सुनिचित करने के निर्देश दिए। रामगढ़ एवं कोटाडोल स्थित पीएचसी में बिजली आपूर्ति हेतु क्रेडा की सहायता से सोलर यूनिट के जरिये विद्युत आपूर्ति हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा कोरोना वैक्सीन की गाइडलाइन के अनुरूप काम किया जायेगा। साथ ही आवश्यकता अनुसार पुलिस प्रशासन एवं अन्य विभागों की भी सहायता ली जायेगी।

