वैक्सीनेशन की जिले में तैयारी शुरू, कलेक्टर श्री राठौर की उपस्थिति में जिला स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न पहले चरण के दौरान कुल 5,782 कोरोना योद्धाओं को लगेगा टीका
कमरुन निशा
जिले में कोविड टीकाकरण के लिए बनाये गये 24 कोल्ड चेन स्टोर
कोरिया 02 जनवरी 2021/ जिले में कोविड-19 के टीकाकरण करने के लिए कलेक्टर श्री एसएन राठौर के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य कर्मियों को विकासखंड मनेन्द्रगढ़ के अमृतधारा में जिला स्तरीय कोविड-19 वैक्सीनेशन प्रशिक्षण दिया गया। इसमें दवा के रखरखाव व टीकाकरण करने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सत्यनारायण राठौर ने बताया कि सभी विभागों के बीच आपसी तालमेल बनाकर प्रथम चरण के दौरान टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए कोविड वैक्सीन के टीकाकरण के दौरान मास्क व सैनिटाइजर का उपयोग करने के निर्देश दिए गये है। इस दौरान सामाजिक दूरी का पालन करना अधिक जरूरी है।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ एस.एस. सिंह ने प्रशिक्षण में दवा के रखरखाव एवं सावधानी रखने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दवा को न्यूनतम दो व अधिकतम आठ डिग्री तापमान में रखना है। जिले में कोविड टीकाकरण के लिए कुल 24 कोल्ड चेन स्टोर बनाये गये है जिसमें से जिला स्तर पर 01 वैक्सीन संग्रहण केन्द्र, 18 कोल्ड चेन पाइंट सहित 05 नये कोल्ड चेन पाइंट बनाये गये है। स्वास्थ्य विभाग ने शासन की गाइड लाइन के अनुसार कोविड -19 वैक्सीन के रखरखाव और टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। डीपीएम रंजना पैकरा ने बताया कि जिले की जनसंख्या 6 लाख 56 हजार तक की आबादी के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं में 01 जिला चिकित्सालय, 05 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, 30 प्रायमरी हेल्थ सेंटर, 01 शहरी स्वास्थ केन्द्र, 188 एसएचसी, 08 निजी नर्सिग होम और 03 एसईसीएल के अस्पताल संचालित है। टीकाकरण होने पर स्वास्थ्य कर्मियों का डाटा हार्ड कॉपी के साथ ही तुरंत कोविड पोर्टल पर डाटा अपलोड किया जाएगा, जिससे टीकाकरण में किसी भी प्रकार की देरी न हो।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुसार स्वास्थ्य विभाग अपनी आगामी रणनीति के तहत प्रथम चरण के अभियान में जुटी हुई है। प्रशिक्षण के दौरान सभी बीएमओ, बीईटीओ और बीपीएम और स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे।

