कलेक्टर कार्यालय का फर्जी चेक लगाकर बैंक से निकाले 1 करोड़ 29 लाख रुपए, ऐसे हुआ खुलासा।

कमरून निशा

जिला कोरिया के कलेक्टर कार्यालय का फर्जी चेक लगाकर बैंक से निकाले 1 करोड़ 29 लाख रुपए, ऐसे हुआ खुलासा
मामले का पता चलते ही संयुक्त कलक्टर ने थाने में अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर, जिन नंबरों के चेक से रुपए निकाले गए हैं उक्त नंबर के चेक कलेक्टर कार्यालय में अभी भी हैं उपलब्ध, 3 लोगों के नाम से 23 दिन के भीतर जारी किए गए हैं ये 21 चेक
बैकुंठपुर. कलेक्टर कार्यालय का फर्जी चेक लगाकर बैंक से 1 करोड़ 29 लाख रुपए निकालने का बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। 23 दिन के भीतर 3 लोगों के नाम से 21 फर्जी चेक स्टेट बैंक में लगाकर राशि का आहरण किया गया है। इसकी सूचना स्टेट बैंक प्रबंधन ने कलेक्टर कार्यालय में दी तब मामले का खुलासा हुआ। जिन नंबरों के 21 चेक से रुपए का आहरण किया गया है उन नंबरों के चेक अभी भी कलेक्टर कार्यालय में सुरक्षित हैं। ऐसे में चेक की क्लोनिंग या डुप्लीकेट चेक बनवाकर रुपए निकालने की बात सामने आ रही है। कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त कलेक्टर ने अज्ञात के खिलाफ थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।
कोरिया जिले के संयुक्त कलेक्टर अनिल कुमार सिदार ने चरचा थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया है कि कोरिया कलेक्टर कार्यालय के नाजरात शाखा का खाता नंबर 11032262800 स्टेट बैंक बैकुंठपुर मेें संचालित है। उक्त खाते में जमा राशि के संबंध में 13 अप्रैल को ब्रांच मैनेजर द्वारा पत्र के माध्यम से बताया गया कि 22 मार्च 2022 से लेकर 13 अप्रैल तक आपके कार्यालय को जारी चेक बुक में से चेक क्रमांक 187915, 187913, 187914, 187916, 187920, 187923, 187926, 187925, 187928, 187929, 187932, 187918, 187917, 187919, 187924, 187927, 187930, 187922, 187931, 187933, 187934 की राशि समान नाम के व्यक्ति/फर्म (दीवान सिंह पारते, अक्षर पविलियन सीएचएसएल व अतीश सुभाष गायकवाड़) के खातों में क्लीयरिंग द्वारा कई बार जमा हो रहा है। इन 3 खातों में 1 करोड़ 29 लाख 788 रुपए का आहरण कर लिया गया है।
जांच में पता चला ये चेक जारी ही नहीं किए गए
बैंक प्रबंधक द्वारा दी गई जानकारी के बाद जब कलेक्टर कार्यालय द्वारा मामले की जांच की गई तो पता चला कि चेक क्रमांक 187906 तक का चेक ही कार्यालय द्वारा जारी किया गया है तथा शेष चेक मूल चेकबुक में आज भी कार्यालय में उपलब्ध है। स्टेट बैंक बैकुंठपुर के मैनेजर द्वारा उपलब्ध कराए गए स्टेटमेंट, 10 नग स्केन्ड चेक की जांच से पता चला कि उपरोक्त सभी 21 चेक इस कार्यालय से न तो जारी किया गया है और न ही उक्त चेकों का इस कार्यालय के चेक पंजी में उल्लेख है। स्पष्ट है कि उपरोक्त दर्शित चेक की कूटरचना कर रकम का आहरण किया गया है।
अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर
संयुक्त कलेक्टर की रिपोर्ट पर चरचा पुलिस ने फर्जी चेक के माध्यम से 1 करोड़ 29 लाख 788 रुपए का फर्जीवाड़ा करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 467, 468, 471, 420 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.