ओलावृष्टि से हुए नुकसान की होगी शासन के प्रावधानों के अनुसार क्षतिपूर्ति

कोरिया 26 अप्रैल 2020/ जिले में गत दिवस हुई बेमौसम बारिश तथा ओलावृष्टि से हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति शासन के प्रावधानों के अनुसार की जाएगी। जिले में ओलावृष्टि से जनजीवन बेहद प्रभावित हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के घरों के छत तथा फसलों में भारी मात्रा में नुकसान हुआ है।
ओलावृष्टि से हुए नुकसान का जायजा लेने कलेक्टर विकासखंड बैकुण्ठपुर के गांव तमजिरा, बरपारा, चोपन एवं पांडवपारा पहुंचे जहां उन्होंने ग्रामीणों से बात की एवं उन्हें शासन के प्रावधानों के अनुसार मुआवजा राशि देने की बात कही। इस अवसर पर बैकुण्ठपुर अनुभाग के अनुभाग अधिकारी राजस्व, तहसीलदार एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने सभी अनुविभागों के राजस्व अधिकारियों को क्षति का आकलन कर क्षतिपूर्ति राशि का भुगतान शीघ्र करने निर्देशित किया है।
