आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत बैकुण्ठपुर में संपूर्णता अभियान का विधायक श्री राजवाड़े ने किया शुभारंभ बैकुण्ठपुर ब्लॉक सभी सूचकांकों पर शीघ्र सफलता अर्जित करेगी-कलेक्टर।
kamrun nisha
कोरिया, केन्द्र-राज्य शासन की प्राथमिकता वाली आकांक्षी विकासखण्ड कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को बैकुण्ठपुर विकासखंड में संपूर्णता अभियान का शुभारंभ किया गया। आगामी तीन माह तक चलने वाले इस अभियान के तहत स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, शिक्षा, सामाजिक विकास और स्वसहायता समूह की गतिविधियों से आजीविका के बिंदुओं पर शत-प्रतिशत लोगों तक आसान पहुंच और लाभ का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस अवसर पर विधायक बैकुण्ठपुर श्री भईया लाल राजवाडे़, कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेणुका सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, नई दिल्ली से आए सीनियर एसोशिएट श्री आदित्य विक्रम, एबीपी फेलो डॉ. इरशाद खान सहित अतिथियों ने छत्तीसगढ़ महतारी की छायाचित्र पर माल्यार्पण कर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संदेश का श्रवण भी किया गया।
मानस भवन में आयोजित संपूर्णता अभियान के शुभारंभ के अवसर पर आकांक्षी विकासखंड के तहत संपूर्णता अभियान की रूप रेखा के बारे में विस्तार से जानकारी नागरिकों को दी गई। विधायक श्री राजवाड़े ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सतत निगरानी में भारत सरकार, नीति आयोग द्वारा आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम पूरे देश में 500 विकासखंड में लागू किया है। कार्यक्रम के तहत जिले के ब्लॉक बैकुण्ठपुर को चयनित किया है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों के जीवनस्तर में सुधार करना एवं ब्लॉक स्तरीय शासकीय सेवाओं को संतृप्त कराना है। श्री राजवाड़े ने कहा कि सबकी भागीदारी से बैकुण्ठपुर व जिले को विकसित बनाना है।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में आकांक्षी विकासखंड के तहत जिले के बैकुण्ठपुर विकासखंड का चयन किया गया है। इसमें 40 इंडिकेटर के आधार पर विकास कार्य किया जाना है, जिसमें छह सूचकांकों स्वास्थ्य, कृषि, पोषण, स्व सहायता समूह के कार्य आदि बिंदुओं पर फोकस किया गया है। आकांक्षी कार्यक्रम का उद्देश्य आकांक्षी विकासखंड में सभी इंडिकेटर पर शत प्रतिशत लक्ष्य तक पहुंचना है। इन क्षेत्रों में शासन की सभी योजनाओं से हितग्राहियों को लाभान्वित करना है। इसमें जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की भी सहभागिता जरूरी है, तभी हम आकांक्षी विकासखंड को विकास के उच्चतम स्तर पर पहुंचा पाएंगे। श्री लंगेह ने कहा कि बैकुण्ठपुर ब्लॉक बहुत तेजी से सूचकांकों पर कार्य कर रही है।
जिला पंचायत अध्यक्षा श्रीमती रेणुका सिंह ने सम्पूर्णता अभियान पर विचार प्रकट करते हुए कहा कि सबकी भागीदारी से प्राप्त सूचकांको पर खरा उतरा है। डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत संपूर्णता अभियान की शुरुआत बैकुण्ठपुर में हुई है। यहां विकास की परिकल्पना को साकार करना केवल शासन प्रशासन से संभव नहीं, इसमें सभी की सक्रिय सहभागिता अनिवार्य है। बैकुण्ठपुर का प्रदर्शन बेहतर है। अंतिम व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है।
विधायक ने दिलाई सहभागिता की शपथ
संपूर्णता अभियान में विधायक श्री राजवाड़े ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, स्कूली बच्चों सहित समस्त आमजनों को संपूर्णता अभियान को सफल बनाने के लिए सहभागिता निभाने और अभियान को सफल बनाने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, स्वाइल हेल्थ कार्ड, के अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा विभिन्न शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, और ग्रामीण विकास से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही, विशेषज्ञों द्वारा ग्रामीणों को इन योजनाओं का लाभ लेने के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रमां का भी आयोजन किया गया जिसमें जैविक खेती को बढ़ावा, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे अनेक प्रेरणादायी गीत प्रस्तुत की गई।

