Wednesday, October 28, 2026
Latest:
कोरियाछत्तीसगढ़

ग्राम चेर में बनेगा पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कलेक्टर ने प्रदान किया भूमि आवंटन प्रमाण पत्र

kamrun nisha

ग्राम चेर में बनेगा पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कलेक्टर ने प्रदान किया भूमि आवंटन प्रमाण पत्र

कोरिया, जनवरी 2025
जिले में पुलिस प्रशासन को मजबूती देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने आज कलेक्टरेट सभाकक्ष में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के लिए भूमि आवंटन प्रमाण पत्र डीएसपी श्री श्याम मधुरकर को सौंपा।

नया पुलिस अधीक्षक कार्यालय बैकुंठपुर जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत चेर में बनाया जाएगा। इसके लिए सामुदायिक वन अधिकार पट्टा के तहत खसरा नंबर 276/1 में से 0.810 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई है।

लंबे समय से चल रही थी मांग
जिले में एक आधुनिक और सुव्यवस्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय की मांग लंबे समय से की जा रही थी। जिला प्रशासन ने इस मांग को प्राथमिकता देते हुए जमीन चिन्हांकन की प्रक्रिया पूरी की और आज इसे अंतिम रूप दिया गया।

इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने कहा कि नए कार्यालय से पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ेगी और आम जनता को बेहतर सेवाएं मिलेंगी। अब जल्द ही कार्यालय निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।

प्रशासनिक कार्य होंगे सशक्त
ग्राम चेर में नए एसपी कार्यालय की स्थापना से जिले में पुलिस प्रशासन और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी। डीएसपी श्री मधुरकर ने इस कदम के लिए जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया और इसे जिले के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

इस अवसर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर श्री अरुण मरकाम, बैकुंठपुर एसडीएम श्रीमती दीपिका नेताम एवं आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्रीमती उषा लकड़ा उपस्थित थे।