श्रीमती रोक्तिमा यादव ने संभाली जिले की 20वीं कलेक्टर की जिम्मेदारी
kamrun nisha
श्रीमती रोक्तिमा यादव ने संभाली जिले की 20वीं कलेक्टर की जिम्मेदारी
कलेक्ट्रेट व जिला पंचायत कार्यालयों का किया निरीक्षण
साफ-सफाई तथा रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने के दिए निर्देश
कोरिया, मई 2026/ वर्ष 2016 बैच की आईएएस अधिकारी रोक्तिमा यादव ने कोरिया जिले की 20वीं कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। वे जिले की चौथी महिला कलेक्टर हैं। इससे पहले वर्ष 2006 में जिले में पहली महिला कलेक्टर की पदस्थापना हुई थी।
अपने प्रशासनिक कार्यकाल में श्रीमती यादव विभिन्न विभागों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुकी हैं। उन्होंने कई जिलों में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के रूप में सेवाएं दी हैं तथा कलेक्टर बनने से पहले समाज कल्याण विभाग में संचालक की जिम्मेदारी भी संभाली है।
पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कलेक्ट्रेट एवं जिला पंचायत कार्यालय के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया और अधिकारियों -कर्मचारियों से संवाद कर कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कार्यालय प्रमुखों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही नस्तियों एवं अभिलेखों को सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रखने पर जोर दिया।
उल्लेखनीय है कि पूर्व कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी का स्थानांतरण कलेक्टर, बलरामपुर- रामानुजगंज के पद पर किया गया है। उनका कोरिया जिले में लगभग 21 माह का कार्यकाल रहा।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, एडीएम श्री सुरेंद्र प्रसाद वैद्य, अपर कलेक्टर श्री डी.डी. मंडावी, संयुक्त कलेक्टर श्री अमित गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर श्री राकेश साहू, एसडीएम बैकुंठपुर श्री उमेश पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
स./मानिकपुरी
[11/05, 4:48 pm] pro जिला कोरिया parm nirmalkar: कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने समय-सीमा की बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की
समय-सीमा में जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के दिए निर्देश
दूरस्थ अंचलों के पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर दिया जोर
कोरिया, 11 मई 2026/ जिले की नवपदस्थ कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने पदभार संभालने के बाद आयोजित समय-सीमा की बैठक में राज्य एवं केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं की विभागवार समीक्षा की तथा अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
बैठक में कलेक्टर ने राजस्व, खाद्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, मार्कफेड, सहकारिता, खनिज, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, अनुसूचित जाति एवं जनजाति, स्कूल शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क, लोक निर्माण, जल संसाधन, कृषि, वन विभाग तथा नगरीय निकायों में संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
कलेक्टर श्रीमती यादव ने निर्देशित किया कि जिन विभागों की प्रगति लक्ष्य से पीछे है, वे कार्यों में तेजी लाएं और निर्धारित समय-सीमा के भीतर जिम्मेदारीपूर्वक कार्य सुनिश्चित करें। उन्होंने जाति, निवास एवं अन्य प्रमाण पत्रों की उपलब्धता, एग्रीस्टेक पंजीयन, मनरेगा के तहत रोजगार, आधार अपडेट, आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड, महतारी वंदन योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की भी समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ दूरस्थ अंचलों में रहने वाले पात्र हितग्राहियों तक प्राथमिकता के साथ पहुंचे। साथ ही मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में वनमंडलाधिकारी श्रीमती प्रभाकर खलको, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, एडीएम श्री सुरेंद्र प्रसाद वैद्य, अपर कलेक्टर श्री डी.डी. मंडावी, संयुक्त कलेक्टर श्री अमित गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर श्री राकेश साहू, श्री उमेश पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

