जनहितकारी योजनाओं की रफ्तार बढ़ाना पहली प्राथमिकता- सीईओ योगेंद्र श्रीवास पदभार संभालते ही अधिकारियों के साथ बैठक, समयबद्ध और पारदर्शी क्रियान्वयन पर दिया जोर

kamrun nisha

जनहितकारी योजनाओं की रफ्तार बढ़ाना पहली प्राथमिकता- सीईओ श्री योगेंद्र श्रीवास

पदभार संभालते ही अधिकारियों के साथ बैठक, समयबद्ध और पारदर्शी क्रियान्वयन पर दिया जोर

कोरिया, / जिला पंचायत कोरिया के नवपदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री योगेंद्र श्रीवास ने सोमवार को पदभार ग्रहण करते ही जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ परिचयात्मक बैठक कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति तथा विभागीय दायित्वों की विस्तृत जानकारी ली।

इसके पहले नव पदस्थ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री योगेंद्र श्रीवास ने कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव से मुलाकात की।

बैठक में श्री श्रीवास ने कहा कि कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के मार्गदर्शन में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की सभी योजनाओं का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम पात्र हितग्राही तक निर्धारित समय-सीमा में पहुंचे और कार्यों में जवाबदेही तथा संवेदनशीलता दिखाई जाए।

उन्होंने विशेष रूप से विकसित भारत जीरामजी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा स्वच्छ भारत मिशन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी-कर्मचारी पूरी गंभीरता और समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

श्री योगेंद्र श्रीवास राज्य प्रशासनिक सेवा के 2016 बैच के अधिकारी हैं। वे जशपुर, बलौदाबाजार सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्व निभा चुके हैं। कोरिया जिले में पदस्थापना से पूर्व वे मार्कफेड में पदस्थ थे। उनके प्रशासनिक अनुभव से जिले में ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.