कोरियाछत्तीसगढ़

जन्मदिन पर बच्चों के बीच पहुंचे एसपी, न्योता भोज में बांटी खुशियां विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना जरूरी-कलेक्टर यादव

kamrun nisha

जन्मदिन पर बच्चों के बीच पहुंचे एसपी, न्योता भोज में बांटी खुशियां

विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना जरूरी-कलेक्टर श्रीमती यादव

पुलिस अधीक्षक श्री हरीश राठौर ने विद्यार्थियों के साथ किया भोजन

कोरिया, / पुलिस अधीक्षक कोरिया श्री हरीश राठौर ने अपने जन्मदिन को खास अंदाज में मनाते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुड़ेली के विद्यार्थियों के साथ न्योता भोज किया। बच्चों के बीच बैठकर भोजन करते हुए उन्होंने अपना जन्मदिन मनाया और विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, मेहनत और सही मार्गदर्शन के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम में कलेक्टर कोरिया श्रीमती रोक्तिमा यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

पढ़ाई के साथ खेल और कौशल विकास पर भी ध्यान
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ स्वास्थ्य, खेल-कूद, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और कौशल विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अच्छी शिक्षा के साथ स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी जरूरी है।

किशोरावस्था को बताया जीवन निर्माण की अहम सीढ़ी
पुलिस अधीक्षक श्री हरीश राठौर ने कहा कि बच्चों के साथ न्योता भोज कर उन्हें अपना बचपन याद आ गया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि किशोरावस्था जीवन निर्माण की महत्वपूर्ण अवस्था है। अनुशासन में रहकर गुरुजनों और पालकों का मार्गदर्शन स्वीकार करने वाले विद्यार्थी अपने लक्ष्य और करियर की ऊंचाइयों तक आसानी से पहुंच सकते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, यातायात सुरक्षा और नई तकनीकी चुनौतियों के प्रति सजग रहने की सलाह दी। साथ ही जिम्मेदार नागरिक बनकर समाज और देश के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

पौधों को गोद लेकर सुरक्षा का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में अतिथियों ने वृक्षारोपण भी किया। विद्यार्थियों ने लगाए गए पौधों को गोद लेकर उनके बड़े होने तक नियमित देखभाल और सुरक्षा करने का संकल्प लिया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, जिला शिक्षा अधिकारी श्री जितेन्द्र कुमार गुप्ता सहित शिक्षक, पालक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। न्योता भोज कार्यक्रम ने विद्यार्थियों और अतिथियों के बीच आत्मीयता एवं सहभागिता का वातावरण बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *