कोरियाछत्तीसगढ़

विभाजन की पीड़ा से देश की एकता का संदेश, मानस भवन में सजी इतिहास की तस्वीरें रंगोली और छात्र-छात्राओं के पोस्टर में दिखी विभाजन विभीषिका की झलक

kamrun nisha

विभाजन की पीड़ा से देश की एकता का संदेश, मानस भवन में सजी इतिहास की तस्वीरें

रंगोली और छात्र-छात्राओं के पोस्टर में दिखी विभाजन विभीषिका की झलक

कोरिया/14 अगस्त 2026/ राज्य शासन के निर्देशानुसार भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा मानस भवन, बैकुंठपुर में तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी में भारत विभाजन से जुड़े दुर्लभ ऐतिहासिक छायाचित्रों, दस्तावेजों और समाचार पत्रों की कतरनों के माध्यम से उस दौर की पीड़ा, विस्थापन, संघर्ष और देश के पुनर्निर्माण की कहानी को प्रदर्शित किया गया है।

प्रदर्शनी का अवलोकन बैकुंठपुर विधायक श्री भईया लाल राजवाड़े, कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मोहित पैकरा, उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना राजवाड़े, सदस्य श्रीमती गीता राजवाड़े सहित गणमान्य नागरिक श्री देवेंद्र तिवारी एवं श्री कृष्ण बिहारी जायसवाल ने किया।

विभाजन की पीड़ा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी
विधायक श्री भईया लाल राजवाड़े ने कहा कि विभाजन के समय देशवासियों द्वारा झेली गई पीड़ा, संघर्ष और बलिदान की गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के साथ देश ने विभाजन की भीषण पीड़ा झेली। बड़ी संख्या में परिवारों को विस्थापन का दंश सहना पड़ा और साम्प्रदायिक हिंसा में अनेक लोगों की जान गई।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी को इतिहास के कठिन दौर को समझने और उससे सीख लेने का अवसर मिलता है। देश की शांति, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

आजादी के अधिकारों के साथ दायित्व भी समझें- कलेक्टर
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि आजादी का मतलब केवल राजनीतिक स्वतंत्रता नहीं है। हमें पढ़ने-लिखने, अपनी बात कहने, आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने की स्वतंत्रता भी मिली है। उन्होंने कहा कि जिस उत्साह से हम स्वतंत्रता की खुशी मनाते हैं, उसी तरह हमें विभाजन के दर्द को भी इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में समझना चाहिए।

उन्होंने कहा कि विभाजन के दौरान लाखों लोगों को अपने घर-परिवार और मातृभूमि से दूर होना पड़ा तथा अनेक स्थानों पर हिंसा और अशांति का सामना करना पड़ा। कलेक्टर ने कहा कि हमें अपने अधिकारों के साथ अपने दायित्वों को भी समझना चाहिए। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के जीवन और संघर्ष को पढ़ने तथा देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कथक की प्रस्तुति ने बांधा समां
कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं ने आकर्षक कथक नृत्य की प्रस्तुति देकर वंदे मातरम् गीत को भावपूर्ण अभिव्यक्ति दी। प्रस्तुति के दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

रंगोली में उकेरी विभाजन से स्वतंत्र भारत तक की कहानी
मानस भवन में बनाई गई विशाल रंगोली आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसमें विभाजन की विभीषिका से लेकर स्वतंत्र भारत की तस्वीर को कलात्मक ढंग से उकेरा गया है। स्थानीय कलाकार श्री सागर दास ने बताया कि ऐसी विशाल रंगोली तैयार करने में समय, धैर्य और एकाग्रता की विशेष आवश्यकता होती है।

जिला शिक्षा अधिकारी श्री जितेंद्र गुप्ता के मार्गदर्शन में स्कूली बच्चों ने देशप्रेम, वंदे मातरम् और भारत विभाजन विभीषिका पर आधारित आकर्षक पोस्टर एवं पेंटिंग तैयार की हैं। बच्चों की कलाकृतियों में इतिहास के प्रति उनकी समझ और देशभक्ति की भावना स्पष्ट दिखाई देती है।

सेल्फी बोर्ड पर तिरंगे के साथ दिखा देशप्रेम, जनप्रतिनिधियों ने लिखे प्रभावशाली संदेश
मानस भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ‘हर घर तिरंगा’ सेल्फी बोर्ड भी आकर्षण का केंद्र रहा। बैकुंठपुर विधायक श्री भईया लाल राजवाड़े, कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सेल्फी बोर्ड पर पेन से तिरंगे के सम्मान, देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम से जुड़े अपने विचार भी लिखे। उनके द्वारा लिखे गए संदेशों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया और तिरंगे के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को और मजबूत किया।

जिला जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि छायाचित्र प्रदर्शनी 15 अगस्त तक आमजन के लिए खुली रहेगी। स्कूली छात्र-छात्राओं, मीडिया प्रतिनिधियों, इतिहासकारो, युवाओं और नागरिकों से बड़ी संख्या में पहुंचकर प्रदर्शनी का अवलोकन करने तथा इतिहास से प्रेरणा लेने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *