80वें स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने किया ध्वजारोहण कोरिया के विकास में सबकी समन्वित सहभागिता जरूरी, अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारी से निर्वहन

kamrun nisha

80वें स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने किया ध्वजारोहण

कोरिया के विकास में सबकी समन्वित सहभागिता जरूरी, अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारी से निर्वहन करें

कोरिया, 15 अगस्त 2026/ 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कलेक्टर श्रीमती यादव ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम स्वतंत्र हैं, लेकिन स्वतंत्रता के साथ अपने अधिकारों और कर्तव्यों को भली-भांति समझना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शासकीय सेवक के रूप में समाज और आमजन के प्रति हमारी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।

उन्होंने अधिकारियों- कर्मचारियों से कहा कि दूरस्थ गांवों में रहने वाले लोगों की परेशानियों को समझें, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि हमें संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

कलेक्टर ने कहा कि हमें हर दिन बेहतर करने के जज्बे और इच्छा के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को आमजन की स्थिति को समझने के लिए संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने की बात कही।

कलेक्टर श्रीमती यादव ने कहा कि जिस कुर्सी पर आज हम बैठे हैं, उस पर कभी गांव का कोई व्यक्ति भी बैठ सकता है और जिस व्यक्ति की समस्या हमारे सामने है, उसकी जगह यदि हम स्वयं को रखकर देखें तो उसकी परेशानी और तनाव को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे। इसलिए जरूरतमंद और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं का समाधान हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय डिजिटल तकनीक और इंटरनेट का है। ऐसे समय में प्रत्येक व्यक्ति को निरंतर सीखते रहने की आवश्यकता है। सीखने की कोई उम्र नहीं होती। नई तकनीकों और बेहतर कार्यप्रणालियों को अपनाकर हम अपने कार्यों को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बना सकते हैं।

कलेक्टर ने कहा कि कोरिया के समग्र विकास के लिए सभी विभागों और कर्मचारियों की समन्वित सहभागिता जरूरी है। सभी अधिकारी-कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से कार्य करें, ताकि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ जिले के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।

इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देशभक्ति गीत एवं कविताओं की प्रस्तुति भी दी। पूरे कार्यक्रम में स्वतंत्रता दिवस का उत्साह और देशभक्ति का भाव नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.