प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा को जन-जन तक पहुंचाएगा, सेवा संकल्प अभियान – विश्वविजय सिंह तोमर
kamrun nisha

बैकुंठपुर – भारतीय जनता पार्टी जिला कोरिया द्वारा विश्राम गृह बैकुण्ठपुर में सेवा संकल्प अभियान के संदर्भ में प्रेसवार्ता की गई। इस अवसर पर मुख्य रूप से युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर , विधायक भईयालाल राजवाड़े, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्ण बिहारी जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा, जिला महामंत्री पंकज गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष नविता शिवहरे, जिला मंत्री शारदा गुप्ता, मीडिया प्रभारी तीरथ राजवाड़े, सह मीडिया प्रभारी राकेश गुप्ता, मंडल अध्यक्ष अनिल खटिक उपस्थित रहें।
इस अवसर पर युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस से प्रारंभ होने वाले एक माह के विशेष “सेवा संकल्प अभियान” की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में संवैधानिक प्रमुख रहते हुए जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण कर रहे हैं। इसी ऐतिहासिक अवसर पर सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा द्वारा एक माह का सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है।
श्री तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी सेवा यात्रा प्रारंभ की और पिछले 25 वर्षों में “जनसेवा से राष्ट्रसेवा” के मंत्र को निरंतर आगे बढ़ाया है। गरीब कल्याण, राशन, सामाजिक सुरक्षा, शौचालय, आवास तथा कोविड टीकाकरण सहित अनेक योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन में परिवर्तन आया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के साथ सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, आत्मनिर्भरता, युवा शक्ति और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। स्टार्टअप के माध्यम से युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं, वहीं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लखपति दीदी और नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसे प्रयासों ने महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दी है।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन पर “सेवा दिवस” के रूप में होगी। 17 सितंबर को रक्तदान शिविर तथा शाम 7 बजे “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम होगा। इसके अलावा स्वच्छता अभियान, “मेरे सपनों का भारत” के अंतर्गत विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता सहित अनेक जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के अंतर्गत “नमो सेवाः अनकही कहानियां”, “आंगन मिलन सेवा”, “सेवा की कहानी”, “सेवा ज्योति कलश यात्रा”, “सेवाः मेरा योगदान”, “सेवा सेतु अभियान”, “सेवा के रंग, राष्ट्र के संग”, “सेवा फर्स्ट इनोवेशन चौलेंज” और “सुशासन संवाद” जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।
बैकुंठपुर विधायक श्री भैयालाल राजवाड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण को केंद्र में रखकर योजनाएं संचालित की गई हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से इन योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जाएगी तथा अधिकाधिक लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों की सेवा और सुशासन की यात्रा हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा है। कोरिया जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान को बूथ स्तर तक व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने जिले के कार्यकर्ताओं और नागरिकों से सेवा के कार्यक्रमों में सहभागी बनकर “विकसित भारत 2047” के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया।

