कृषि विज्ञान केंद्र पहुंचकर मंत्री नेताम ने अनुसंधान कार्यों का लिया जायजा
kamrun nisha

कृषि विज्ञान केंद्र पहुंचकर मंत्री नेताम ने अनुसंधान कार्यों का लिया जायजा
हल्दी की उन्नत खेती और डेयरी इकाई का किया अवलोकन, किसानों तक तकनीकी लाभ पहुंचाने दिए निर्देश
कोरिया, 03 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ शासन के कृषि, पशुपालन, मत्स्य, अनुसूचित जाति एवं जनजाति मंत्री तथा कोरिया जिले के प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम ने बैकुंठपुर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र का दौरा कर वहां संचालित अनुसंधान एवं कृषि संबंधी गतिविधियों का जायजा लिया।
मंत्री श्री नेताम ने कृषि विज्ञान केंद्र में विकसित की जा रही उन्नत किस्म की हल्दी की नर्सरी का अवलोकन किया। उन्होंने हल्दी की रोपाई की विधि, पौधों की देखभाल तथा खाद और पानी के प्रबंधन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाकर किसानों को बेहतर उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
इस दौरान उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र की डेयरी इकाई का भी अवलोकन किया तथा उन्नत नस्ल की गायों, दुग्ध उत्पादन और पशुपालन से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने डेयरी शेड निर्माण एवं वहां उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी ली।
मंत्री श्री नेताम ने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र की गतिविधियों और अनुसंधान का सीधा लाभ स्थानीय किसानों तक पहुंचे, इसके लिए अधिकारियों को किसानों की जरूरत के अनुरूप तकनीकी मार्गदर्शन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव, पुलिस अधीक्षक श्री हरीश राठौर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री योगेन्द्र श्रीवास सहित कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

