सेवा संकल्प अभियान में योजनाओं का लाभ, मातृ-शिशु सेवाओं और स्वास्थ्य जागरूकता पर संवाद
kamrun Nisha

सेवा संकल्प अभियान में योजनाओं का लाभ, मातृ-शिशु सेवाओं और स्वास्थ्य जागरूकता पर संवाद
कोरिया, / सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, हितग्राही सेवाओं तथा स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं। नगर पालिका परिषद शिवपुर-चरचा में आयोजित शिविर में जनप्रतिनिधियों, मुख्य अधिकारी मुक्त सिंह चौहान और हितग्राहियों ने सहभागिता की। सेवा सेतु के माध्यम से विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई और पात्र हितग्राहियों को लाभ लेने के लिए मार्गदर्शन दिया गया।
शिविर में सक्षम योजना के तहत हितग्राहियों को 40 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। गर्भवती माताओं की गोदभराई कर उन्हें पौष्टिक एवं संतुलित आहार के प्रति जागरूक किया गया। वहीं शिशुवती माताओं के बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया।
मत्स्य कृषकों को जाल और आइस बॉक्स वितरित
25 वर्ष सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पंचायत कटगोड़ी में जनपद पंचायत अध्यक्ष की उपस्थिति में तीन मत्स्य कृषकों को जाल तथा दो आइस बॉक्स वितरित किए गए। सामग्री वितरण से मत्स्य गतिविधियों से जुड़े हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग मिला।
जिला चिकित्सालय में कुष्ठ मुक्त भारत का संदेश
गांधी जयंती के अवसर पर जिला चिकित्सालय बैकुंठपुर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बलवंत सिंह एवं अस्पताल स्टॉफ ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर कुष्ठ मुक्त भारत का संदेश देते हुए कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता और समय पर उपचार की शपथ ली गई।
डॉ. बलवंत सिंह ने कहा कि कोरिया को कुष्ठ मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने लोगों से शरीर में कुष्ठ रोग के लक्षण दिखाई देने पर अस्पताल में जांच कराने और चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार समय पर उपचार लेने की अपील की।

