कोरियाछत्तीसगढ़

पटना में ‘सरकार आपके द्वार’, तीन लोगों ने लिया मरणोपरांत नेत्रदान का संकल्प लखपति दीदियों ने कलेक्टर, एसपी और सीईओ से साझा किए सफलता के अनुभव

kamrun nisha

सेवा सेतु शिविर में योजनाओं की जानकारी, स्वास्थ्य जांच, गोद भराई-अन्नप्राशन और हितग्राहियों को सामग्री का वितरण

लखपति दीदियों ने कलेक्टर, एसपी और सीईओ से साझा किए सफलता के अनुभव

कोरिया, जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को नगर पंचायत पटना परिसर में शिविर आयोजित किया गया। ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के माध्यम से विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी तथा पात्र हितग्राहियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई।

शिविर में कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव, पुलिस अधीक्षक श्री हरीश राठौर और जिला पंचायत सीईओ ने लखपति दीदियों से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं से उनके कार्य, अनुभव और उद्यमिता से जुड़े प्रयासों की जानकारी ली। महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि आगे बढ़ने के लिए आत्मविश्वास, जिम्मेदारी, निरंतर प्रयास और कार्य के प्रति जुनून जरूरी है।

तीन लोगों ने लिया मरणोपरांत नेत्रदान का संकल्प
शिविर में मानव सेवा की प्रेरक पहल भी सामने आई। ग्राम आजोखुर्द निवासी जिला पंचायत सदस्य श्री राजेश साहू, ग्राम गिरजापुर निवासी श्री संतोष सिंह तथा छिंदडांड निवासी श्री तरुण सिंह ने सेवा दान के तहत मरणोपरांत नेत्रदान के लिए पंजीयन फार्म भरकर संकल्प लिया। उनके इस संकल्प ने सेवा और जनभागीदारी की भावना को नई दिशा दी।

कलेक्टर श्रीमती यादव, पुलिस अधीक्षक श्री राठौर जिला पंचायत सीईओ श्री योगेन्द्र श्रीवास, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गायत्री सिंह, जिला पंचायत सदस्य राजेश साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं अधिकारियों ने शिविर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली।

शिविर में बड़ी संख्या में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं टीबी मुक्त भारत के तहत लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। साथ ही उपस्थित लोगों को एक पेड़ माँ के नाम के तहत फलदार पौधरोपण भी किया गया, साथ ही जनसंपर्क विभाग द्वारा शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं, उपलब्धियों की जानकारी वाले ‘छत्तीसगढ़ जनमन’ पत्रिका का वितरण किया गया। श्रम विभाग की योजना के तहत हितग्राहियों को 40 हजार रुपए का चेक वितरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्टर, एसपी तथा नगर पंचायत अध्यक्ष ने शिशुओं को अन्नप्रासन कराया। विभिन्न विभागों की ओर से पात्र हितग्राहियों को हितग्राहीमूलक सामग्री का वितरण भी किया गया।

सेवा सेतु से स्थानीय स्तर पर मिल रही शासकीय सेवाएं
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत बैकुण्ठपुर और सोनहत विकासखंड में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य नागरिकों को स्थानीय स्तर पर विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित आवेदन, जानकारी और समस्याओं के निराकरण की सुविधा उपलब्ध कराना है। शिविरों में आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पेंशन, जाति-निवास-आय प्रमाण पत्र, बी-1, नक्शा, खसरा विवरण एवं ऋण पुस्तिका सहित विभिन्न योजनाओं एवं राजस्व सेवाओं से संबंधित आवेदन लिए गए तथा नागरिकों की समस्याओं के निराकरण की कार्यवाही की गई।

सेवा, सहयोग और जनभागीदारी का संदेश
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देना है। पटना के बाद 04 अक्टूबर को ग्राम पंचायत बचरा तथा सोनहत विकासखंड में 05 अक्टूबर को ग्राम पंचायत रामगढ़ में सेवा सेतु शिविर आयोजित किया जाएगा।

कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ शिविरों का आयोजन सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिलेवासियों से सेवा दान महाअभियान में सहभागिता करने और अपने आसपास के लोगों को भी इससे जोड़ने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *