कोरियाछत्तीसगढ़

पटना अस्पताल में घायलों से मिले कलेक्टर और एसपी

kamrun nisha

पटना अस्पताल में घायलों से मिले कलेक्टर और एसपी

कलेक्टर ने मरीजों से भोजन, जांच व उपचार की ली जानकारी, एसपी ने यातायात नियमों के पालन की अपील की

कोरिया, / कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव और पुलिस अधीक्षक श्री हरीश राठौर ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटना पहुंचकर अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात की। उन्होंने शुक्रवार को हुई सड़क दुर्घटना में घायल मरीजों से उनके स्वास्थ्य और उपचार की स्थिति की जानकारी ली।

कलेक्टर श्रीमती यादव ने मरीजों से अस्पताल में समय पर भोजन मिलने, जांच और उपचार की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन एवं चिकित्सकीय अमले को निर्देश दिए कि मरीजों की जांच और उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मरीजों को आवश्यक उपचार एवं दवाइयां समय पर उपलब्ध कराने तथा उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने रात्रिकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की भी जानकारी ली और निर्देशित किया कि रात के समय अस्पताल में चिकित्सक एवं आवश्यक स्वास्थ्यकर्मी उपलब्ध रहें, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके।

दुर्घटना में घायल मरीजों से घटना के संबंध में भी जानकारी ली गई। मरीजों ने बताया कि वे वाहन में सवार थे, लेकिन अचानक हुई दुर्घटना के कारण उन्हें घटना के संबंध में पूरी जानकारी नहीं है। फिलहाल घायल मरीजों का उपचार जारी है, स्वास्थ्य पहले से बेहतर बताया गया।

क्षमता से अधिक यात्रियों को वाहन में न बैठाएं
पुलिस अधीक्षक श्री हरीश राठौर ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने वाहन मालिकों एवं चालकों से कहा कि किसी भी स्थिति में वाहन में क्षमता से अधिक यात्रियों को न बैठाएं।

तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने से बचें, क्योंकि ऐसी लापरवाही सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है।

उन्होंने यातायात पुलिस अधिकारियों को यातायात नियमों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही नाबालिग बच्चों को वाहन न देने तथा शराब अथवा अन्य किसी प्रकार के नशे का सेवन कर वाहन नहीं चलाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *