Thursday, September 17, 2026
Latest:
newछत्तीसगढ़रायपुर

65 हजार पुलिस कर्मियों को लगेगा टीका 

कमरुन निशा

रायपुर। कोरोना काल में कानून व्यवस्था से लेकर सुरक्षा और मजदूरों के आने-जाने की व्यवस्था में रहे 65 हजार पुलिसकर्मियों को टीका लगाया जाएगा। इनमें से अब तक 60 हजार अधिकारी-कर्मचारियों का केंद्रीय गृह मंत्रालय के पोर्टल में रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है। डॉक्टर व मेडिकल स्टाफ के बाद पुलिसकर्मियों का टीकाकरण शुरू होगा। वहीं पिछले एक हफ्ते से रायपुर जिले में एक बार फिर कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़ रही है। प्रदेश में कोरोना संक्रमण की वजह से पहले लॉकडाउन से ही पुलिसकर्मियों ने बड़ी भूमिका निभाई। संक्रमित एरिया की बेरिकेडिंग से लेकर हॉट स्पॉट की निगरानी और कानून व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस की ड्यूटी लगाई गई। कोरोना काल में सात हजार पुलिसकर्मी संक्रमित हुए थे। 23 पुलिसकर्मियों की जान भी गई थी। कोरोना संक्रमित कई पुलिसकर्मियों का आज भी इलाज किया जा रहा है। इसी तरह अर्द्ध सैनिक बलों के करीब चार हजार जवान संक्रमित हुए हैं। स्वास्थ्यकर्मियों के बाद दूसरे चरण में पुलिसकर्मियों काे टीका लगाया जाएगा। इसके लिए पुलिस मुख्यालय को नोडल बनाया गया है। जिलों से जो जानकारी भेजी गई थी, उसमें से 60 हजार का पोर्टल में रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है। इनमें डीजीपी डीएम अवस्थी से लेकर थाने में पदस्थ आरक्षक तक शामिल हैं। हालांकि बाल आरक्षक और कुछ ऑफिस स्टाफ को अभी शामिल नहीं किया गया है। इन्हें अगले चरण में शामिल किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *