कोरियाछत्तीसगढ़

बैंक शाखाओं में अनावश्यक भीड़ ना होने देने कलेक्टर एवं एसपी ने दी बैंकर्स को समझाईश

कमरून निशा
कोरिया 21 मार्च 2020/ नोवेल कोरोना वायरस के संक्रमण एवं रोकथाम हेतु जिले के कलेक्टर श्री डोमन सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रमोहन सिंह ने जिले में संचालित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों को शाखाओं में अनावश्यक भीड़ ना होने देने की समझाइश दी तथा ज्यादा से ज्यादा ऑनलाइन ट्रांसेक्शन पर जोर देने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने शासन द्वारा जारी विभागों के विभिन्न दिशा-निर्देशों से अवगत कराया तथा नगरीय क्षेत्रों में धारा 144 लागू होने की जानकारी दी।
कलेक्टर ने कोरोना वायरस (COVID-19) के संक्रामक होने तथा विश्व के विभिन्न देशों में कुछ ही दिनों में महामारी का रूप लेने की जानकारी देते हुए संदेही से दूर रहने की सख्त हिदायत दी। कलेक्टर ने बैंक शाखाओं में भीड़ कम करने के उपायों पर चर्चा करते हुए बैंकर्स को शाखाओं में प्रवेश के पूर्व बैंक आने वाले लोगों के हाथ धोने की व्यवस्था करने, तथा बारी बारी से बहुत ही कम संख्या में ग्राहकों को प्रवेश कराने की बात की। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक किया जाए तथा अति आवश्यक होने पर ही शाखा आने की अपील की जाए। एटीएम का सैनिटाइजेशन प्रत्येक 2 घंटे में किया जाए। शाखा आने वाले ग्राहकों को प्रवेश द्वार को स्पर्श ना करने दें। साथ ही जनजागरूकता हेतु शाखाओं में पोस्टर लगाए जाएं।
कलेक्टर ने बैंकर्स को निर्देश दिए कि एटीएम का सरप्राइज इंस्पेक्शन किया जाए। नगद निकासी एवं जमा करने हेतु समय निर्धारित करें ताकि भीड़ कम हो सके। इस तरह उन्होंने सभी बैंकों में प्रतिनिधियों को शासन द्वारा तय प्रावधानों के अनुसार सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *