नोवेल कोरोना वायरस : कलेक्टर ने एसईसीएल के अधिकारियों के साथ की बैठक एसईसीएल के अधिकारियों को श्रमिकों हेतु सुरक्षात्मक उपायों पर विशेष ध्यान देने के दिए निर्देश

कमरुन निशा
कोरिया 24 मार्च 2020/ कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने आज मनेंद्रगढ़ पहुंचकर कोरिया जिले के अंतर्गत एसईसीएल के तीनों क्षेत्रों के जनरल मैनेजर, एसईसीएल के सिविल और लेबर कांट्रैक्टर से चर्चा कर कोरोना वायरस के संक्रमण, रोकथाम एवं नियंत्रण के उपायों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने एसईसीएल के अधिकारियों को प्रोडक्शन लिंक से संबंधित अनिवार्य कार्यों को जारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी काम को रोका जा सकता है तो उसे रोका जाए तथा एसईसीएल के श्रमिकों हेतु सुरक्षात्मक उपायों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों से कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण, रोकथाम एवं नियंत्रण के उपायों पर अमल करते हुए श्रमिकों को समूह में इकट्ठा न होने दें। श्रमिकों को मास्क एवं सैनिटाइजर का वितरण करें तथा मेडिकल किट भी अनिवार्य रूप से रखी जाए। पूरी तरह सतर्कता बरतें तथा श्रमिकों का मेडिकल टेस्ट भी कराएं। यदि कोई श्रमिक बीमार अवस्था में है तो उसे मेडिकल छुट्टी दें एवं छुट्टी के एवज में मेहनताना ना काटा जाएं। इसके साथ कलेक्टर ने सेंट्रल हॉस्पिटल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड का भी विजिट किया। सेंट्रल हॉस्पिटल में उन्होंने कोरोना से संक्रमण के बचाव की तैयारी का निरीक्षण किया तथा सुधारात्मक निर्देश भी दिये। इस दौरान जिले के पुलिस अधीक्षक श्री चंद्र मोहन सिंह तथा एसडीएम श्री आर पी चौहान भी मौजूद थे। कलेक्टर ने एसडीएम, एसडीओपी तथा एसईसीएल के अधिकारियों को प्रत्येक दिवस समीक्षा करने हेतु भी निर्देशित किया है।
