महुआ पेड़ की छांव में लगा जनसमस्या निवारण शिविर, 12 गांवों के ग्रामीण पहुंचे करीब 500 आवेदन प्राप्त, 38 मामलों का मौके पर निराकरण; कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ
kamrun nisha.

महुआ पेड़ की छांव में लगा जनसमस्या निवारण शिविर, 12 गांवों के ग्रामीण पहुंचे
करीब 500 आवेदन प्राप्त, 38 मामलों का मौके पर निराकरण; कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ
कोरिया, मई 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्यस्तरीय सुशासन तिहार के अंतर्गत कोरिया कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के मार्गदर्शन में शुक्रवार को सोनहत जनपद पंचायत के ग्राम पोड़ी में महुआ पेड़ की छांव में खुले मैदान में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 12 गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित लगभग 500 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 38 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।

कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि सुशासन तिहार के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों का उद्देश्य प्रशासन को गांव-गांव तक पहुंचाकर लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है।
उन्होंने कहा कि कई बार ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी नहीं मिल पाती, इसलिए सभी विभागों के स्टॉल एक ही स्थान पर लगाए गए हैं ताकि लोगों को योजनाओं की जानकारी और लाभ दोनों मिल सकें।
कलेक्टर ने ‘मोर गांव मोर पानी’ अभियान के तहत जल संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश देते हुए वृक्ष पर एक लोटा पानी अर्पित किया तथा ग्रामीणों से पानी की एक-एक बूंद बचाने की अपील की।
नशा से रहें दूर, लोगों को दिलाया गया संकल्प
कलेक्टर ने कहा कि आज समाज में नशा एक गंभीर समस्या बन चुका है, जिससे दुर्घटनाएं एवं अपराध बढ़ रहे हैं। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित नशा मुक्त भारत अभियान के तहत उन्होंने ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई।
माताओं एवं बच्चों को नियमित पौष्टिक आहार और स्वास्थ्य सुविधाएं मिले
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के पोषण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि गोदभराई एवं अन्नप्राशन केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं हैं, बल्कि माताओं एवं बच्चों को नियमित पौष्टिक आहार और स्वास्थ्य सुविधाएं मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, उनकी जांच करते रहें और समुचित इलाज भी करें।
हितग्राही मूलक सामग्रियों का वितरण
शिविर में हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, फूड बास्केट, प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत आवास की चाबी एवं अभिनंदन पत्र, मत्स्य जाल, आइस बॉक्स तथा दिव्यांग एवं बुजुर्गों को छड़ी सहित विभिन्न हितग्राही मूलक सामग्रियों का वितरण किया गया। कलेक्टर ने 5 प्रतिशत मॉडल में किसानों एवं जनप्रतिनिधियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया।
विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण, कलेक्टर ने कराई हीमोग्लोबिन की जांच
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने शिविर में लगाए गए विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर पहुंचकर स्वयं हीमोग्लोबिन जांच भी कराई।
एग्रीस्टेक पंजीयन और पीएम सूर्यघर योजना पर जोर
कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को एग्रीस्टेक पंजीयन की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, खाद-बीज वितरण एवं समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जैसी योजनाओं का लाभ लेने के लिए पंजीयन आवश्यक है। वहीं प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत ग्रामीणों को सौर ऊर्जा अपनाने एवं बिजली बिल में राहत पाने की जानकारी दी गई।
महतारी वंदन योजना की लाभार्थियों से ई-केवाईसी कराने की अपील
महिला एवं बाल विकास विभाग ने महतारी वंदन योजना की लाभार्थी महिलाओं से ई-केवाईसी कराने की अपील की। साथ ही नोनी सुरक्षा योजना, नव बिहान योजना, पोषण अभियान, हमर स्वस्थ लईका कार्यक्रम एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि “सामर्थ्य” मोबाइल एप के माध्यम से कुपोषित बच्चों की निगरानी की जा रही है।
समयबद्ध निराकरण के निर्देश
जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से ‘आवा पानी झोंकी’ अभियान के तहत जल संरक्षण के लिए 5 प्रतिशत मॉडल के अंतर्गत सोख्ता गड्ढों का निर्माण करने एवं भूजल स्तर बढ़ाने में सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य, जनपद अध्यक्ष, स्थानीय जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

