एग्रीस्टैक पंजीयन के लिए पहुंचे बड़ी संख्या में किसान, जिलेभर में लगे विशेष शिविर कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने कहा-अन्नदाताओं की हर सुविधाओं का रखेगा प्रशासन पूरा ध्यान

kamrun nisha

एग्रीस्टैक पंजीयन के लिए पहुंचे बड़ी संख्या में किसान, जिलेभर में लगे विशेष शिविर

कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा-अन्नदाताओं की हर सुविधाओं का रखेगा प्रशासन पूरा ध्यान

कोरिया, / जिले के किसानों को कृषि एवं किसान कल्याण योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिले की सभी सहकारी समितियों में एग्रीस्टैक फार्मर आईडी पंजीयन के लिए विशेष शिविर आयोजित किए गए। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देश पर आयोजित इन शिविरों में बड़ी संख्या में किसान पहुंचे और अपना पंजीयन कराया।

कलेक्टर ने किसानों से समय पर पंजीयन कराने की अपील की
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि किसानों के हित जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि एग्रीस्टैक फार्मर आईडी भविष्य में किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। प्रत्येक पात्र व पंजीयन से छूटे हुए किसान समय रहते अपना पंजीयन अवश्य करा ले, ताकि किसी भी शासकीय योजना का लाभ लेने में कोई कठिनाई न हो। उन्होंने कहा कि ‘अन्नदाताओं की हर सुविधा का जिला प्रशासन पूरा ध्यान रखेगा और हर पात्र किसान तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है।’

फार्मर आईडी से मिलेगा योजनाओं का सीधा लाभ
कृषि विभाग के अनुसार अब विभागीय योजनाओं का लाभ केवल भूमि स्वामी अथवा उनके द्वारा अधिकृत व्यक्ति को फार्मर आईडी के आधार पर मिलेगा। वर्तमान में संयुक्त खाताधारकों के लिए भी अलग-अलग फार्मर आईडी पंजीयन की सुविधा उपलब्ध है। यदि किसी खाते या ऋण पुस्तिका में एक से अधिक लोगों के नाम दर्ज हैं, तो सभी खाताधारक अलग-अलग पंजीयन करा सकते हैं। वहीं अलग-अलग खसरा नंबर होने पर प्रत्येक खाताधारक को अपने-अपने खसरे के आधार पर पंजीयन कराना आवश्यक होगा।

धान उपार्जन, पीएम किसान और फसल बीमा में होगी सुविधा
फार्मर आईडी बनने से धान उपार्जन एवं फसल विक्रय की प्रक्रिया अधिक सुगम होगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड तथा कृषि विभाग की अन्य योजनाओं का लाभ प्राप्त करना भी आसान होगा।

सभी समितियों में विशेष शिविर लगाकर किया गया पंजीयन
कलेक्टर के निर्देश पर जिले की सभी सहकारी समितियों में शनिवार को विशेष पंजीयन शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में एडीएम श्री सुरेंद्र प्रसाद वैद्य, अपर कलेक्टर श्री डी.डी. मंडावी सहित कृषि, राजस्व एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में किसानों का पंजीयन कराया गया तथा उन्हें आवश्यक जानकारी भी दी गई।

ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा
अधिकारियों ने बताया कि जिन किसानों का शिविर में पंजीयन नहीं हो पाया है, वे राज्य के एग्रीस्टैक प्लेटफॉर्म पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) अथवा सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से भी पंजीयन कराया जा सकता है। एग्रीस्टैक फार्मर आईडी के लिए आधार कार्ड, ई-केवाईसी, आधार से लिंक मोबाइल नंबर तथा बी-1 दस्तावेज आवश्यक हैं। अधिक जानकारी के लिए किसान अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, पटवारी, कृषि विभाग, राजस्व विभाग अथवा निकटतम सीएससी केंद्र और सेवा सेतु पोर्टल से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.