पीएससी युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है :: कांग्रेस उत्तर-पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन कराए आयोग
पीएससी युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है :: कांग्रेस उत्तर-पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन कराए आयोग
बैकुंठपुर (कोरिया), 16 सितंबर छत्तीसगढ़ राज्य लोकसेवा आयोग (CGPSC) की राज्य सेवा परीक्षा 2024 एवं 2025 में कथित गड़बड़ियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया ने बुधवार को राजीव भवन में पत्रकारवार्ता आयोजित की। कांग्रेस ने परीक्षा प्रक्रिया और उत्तर-पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए साक्षात्कार स्थगित करने की मांग की।
जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि वर्ष 2025 में 265 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया हुई है। कांग्रेस के अनुसार 1:3 के अनुपात में 795 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाना चाहिए, जबकि 608 अभ्यर्थियों को ही चयनित किया गया है। शेष 187 अभ्यर्थियों के न्यूनतम अंक नहीं आने के आयोग के तर्क पर कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए इसकी पारदर्शी जांच की मांग की।
पत्रकारवार्ता में वर्ष 2024 की कुछ उत्तर-पुस्तिकाओं का हवाला देते हुए कांग्रेस ने आरोप लगाया कि समान एवं सही उत्तरों के बावजूद अभ्यर्थियों को अलग-अलग अंक दिए गए, जबकि कुछ गलत उत्तरों पर भी अंक दिए जाने की शिकायत है।
कांग्रेस ने मांग की कि इंटरव्यू तक प्रक्रिया स्थगित कर सभी अभ्यर्थियों की उत्तर-पुस्तिकाएं उपलब्ध कराई जाएं, पुनर्मूल्यांकन कराया जाए, मॉडल उत्तर जारी हो और मूल्यांकनकर्ताओं के स्पष्ट मानदंड तय किए जाएं। साथ ही साक्षात्कार में 1:3 अनुपात का पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, महामंत्री बृजवासी तिवारी, वरिष्ठ मुख्तार अहमद, अजय सिंह, विकास श्रीवास्तव, सौरभ गुप्ता, चंद्र प्रकाश राजवाड़े, जाग्रत कुर्रे, राजेश कुर्रे, एवं अनेकों कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

