कोरियाछत्तीसगढ़

01 अक्टूबर को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान, 02 अक्टूबर को विशेष ग्राम सभा अमृत सरोवरों एवं ग्राम पंचायतों में स्वच्छता, श्रमदान, पौधरोपण और जनभागीदारी से होंगे कार्यक्रम

kamrun nisha

kamrunvnisha

01 अक्टूबर को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान, 02 अक्टूबर को विशेष ग्राम सभा

कोरिया, / भारत सरकार द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत जिले में स्वच्छता, श्रमदान, जल संरक्षण एवं जनभागीदारी से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां निरंतर आयोजित की जा रही हैं। 01 अक्टूबर को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान के तहत विशेष स्वच्छता गतिविधियां आयोजित होंगी, जबकि 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा।

कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देशन में सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ते हुए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की मैदानी टीम द्वारा ग्राम पंचायतों में स्वच्छता गतिविधियों का समन्वय कर अभियान को गति दी जा रही है।

सामुदायिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष पहल
अभियान के तहत जिले की ग्राम पंचायतों में स्थित सामुदायिक शौचालयों को चिन्हित कर विशेष साफ-सफाई की जा रही है। इसके साथ ही स्थानीय समुदाय को सामूहिक स्वच्छता की जिम्मेदारी से जोड़ा जा रहा है। ग्राम पंचायतों, विद्यालय परिसरों तथा ग्राम पंचायत स्तर के शासकीय संस्थानों में भी स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

01 अक्टूबर को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान
जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री योगेन्द्र श्रीवास ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 1 अक्टूबर को जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ के संकल्प के साथ विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के सभी अमृत सरोवरों एवं ग्राम पंचायतों में श्रमदान, स्वच्छता एवं पौधरोपण जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता से अमृत सरोवरों के तटों पर पौधरोपण किया जाएगा। इस दौरान स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा।

02 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस पर विशेष ग्राम सभा
02 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर जिले की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल, जल संरक्षण एवं सामुदायिक स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। ग्राम सभा में स्थानीय स्तर पर स्वच्छता से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए जनभागीदारी को और मजबूत करने तथा स्वच्छता को स्थायी व्यवहार का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया जाएगा।

इस अवसर पर अभियान के दौरान किए गए स्वच्छता कार्यों एवं जनभागीदारी की समीक्षा करते हुए ग्राम स्तर पर स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयासों को निरंतर जारी रखने पर जोर दिया जाएगा।

स्वच्छता को बनाएं दैनिक जीवन का हिस्सा
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिलेवासियों से सेवा संकल्प अभियान से जुड़कर स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों, खुली जगहों और सड़कों पर कचरा फेंकने से बचें तथा गीले और सूखे कचरे का उचित प्रबंधन एवं पृथक्करण सुनिश्चित करें। गांवों में कचरा संग्रहण एवं उसके सही पृथक्करण को बढ़ावा देना भी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिले को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक अपनी सक्रिय सहभागिता निभाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *