Wednesday, September 23, 2026
Latest:
कोरियाछत्तीसगढ़

सेवा दान महाअभियान में कलेक्टर-सीईओ सहित बड़ी संख्या में अधिकारियों ने कराया पंजीयन कलेक्टर की अपील- ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जुड़कर करें सेवा दान, छोटे सहयोग से किसी के जीवन में आएगी बड़ी मुस्कान

kamrun nisha

सेवा दान महाअभियान में कलेक्टर-सीईओ सहित बड़ी संख्या में अधिकारियों ने कराया पंजीयन

बच्चों के लिए कलेक्टर, सीईओ ने जमा कराई खिलौने एवं उपयोगी सामग्री

कलेक्टर की अपील- ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जुड़कर करें सेवा दान, छोटे सहयोग से किसी के जीवन में आएगी बड़ी मुस्कान

क्यूआर कोड से पंजीयन की सुविधा

28 सितंबर को जिला कार्यालय एवं 01 अक्टूबर को रामानुज मिनी स्टेडियम में होगा विशेष आयोजन

कोरिया, 23 सितंबर 2026/ जिले में सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के मार्गदर्शन में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा दान महाअभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री योगेंद्र श्रीवास, एसडीएम बैकुंठपुर श्री उमेश कुमार पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी श्री जितेन्द्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में अधिकारियों ने सेवा दान के लिए पंजीयन कराया है। इसी क्रम में आज इन अधिकारियों द्वारा बच्चों के लिए अलग-अलग खिलौने एवं अन्य उपयोगी सामग्री भी जमा कराई गई है।

आपके घर की छोटी-सी चीज, किसी के लिए बड़ी खुशी
‘सेवा दान महाअभियान’ का उद्देश्य घरों में उपलब्ध ऐसी उपयोगी वस्तुओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाना है, जिनका वर्तमान में परिवार में उपयोग नहीं हो रहा है। नागरिक बच्चों के खिलौने, शैक्षणिक खिलौने एवं खेल सामग्री, कहानी की किताबें, स्कूल की पाठ्यपुस्तकें, कॉपियां तथा साफ-सुथरे और अच्छी स्थिति वाले कपड़े दान कर सकते हैं। बच्चों, महिलाओं और पुरुषों के उपयोग के अच्छे कपड़े भी सेवा दान के रूप में दिए जा सकते हैं।

अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि सेवा के लिए बड़ी वस्तु का दान करना ही आवश्यक नहीं है। घर में रखी छोटी-सी उपयोगी वस्तु भी किसी जरूरतमंद के लिए खुशी, सहयोग और नई उम्मीद का माध्यम बन सकती है।

28 सितंबर को जिला कार्यालय में जमा कर सकते हैं सामग्री
जिलेवासी 28 सितंबर 2026, सोमवार को जिला कार्यालय बैकुण्ठपुर में अपनी दान सामग्री जमा कर सकते हैं। इच्छुक नागरिक कलेक्टर अथवा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से संपर्क कर सामग्री जमा करा सकते हैं।

01 अक्टूबर को रामानुज मिनी स्टेडियम में विशेष सेवा दान आयोजन
‘सेवा दान महाअभियान’ के अंतर्गत 1 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक रामानुज मिनी स्टेडियम, बैकुण्ठपुर में विशेष सेवा दान आयोजन किया जाएगा। जिलेवासी इस अवसर पर अपने घर की उपयोगी दान सामग्री लेकर पहुंच सकते हैं और जरूरतमंदों की सहायता में सहभागी बन सकते हैं।

क्यूआर कोड से करा सकते हैं पंजीयन
सेवा दान में सहभागिता के लिए जिला प्रशासन द्वारा क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। नागरिक क्यूआर कोड स्कैन कर अपने द्वारा दान की जाने वाली सामग्री की जानकारी दर्ज करा सकते हैं। अभियान से संबंधित अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9907203250 पर संपर्क किया जा सकता है।

कलेक्टर ने जिलेवासियों से की बढ़-चढ़कर सहभागिता की अपील
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिलेवासियों से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा दान महाअभियान’ में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सेवा और सहयोग की भावना समाज को जोड़ती है। घर में अनुपयोगी पड़ी कोई उपयोगी वस्तु जब जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचती है, तो वह उसके लिए महत्वपूर्ण सहयोग और खुशी का कारण बन सकती है।

उन्होंने नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, समाज प्रमुखों, साहित्यकारों, खेल संघों, व्यवसायिक संस्थाओं, विभिन्न संगठनों एवं परिवारों से स्वयं सेवा दान करने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी इस अभियान से जोड़ने और सेवा दान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया है। उन्होंने विभिन्न समाज प्रमुखों, स्वंयसेवी संस्थाओं आदि को पत्र लिखकर ‘सेवा मेरा योगदान’ में सहभागिता निभाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *