मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बलवंत सिंह के मार्गदर्शन तथा सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. आयुष जायसवाल के नेतृत्व में शिविर का आयोजन अंतर्राष्ट्रीय बधिर सप्ताह पर 25 सितंबर को जिला अस्पताल में निःशुल्क बधिरता जांच एवं परामर्श शिविर
kamrun nisha

कोरिया, ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने की दिशा में जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय बधिर सप्ताह के अवसर पर विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिला चिकित्सालय बैकुण्ठपुर में 25 सितंबर 2026, शुक्रवार को प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक निःशुल्क बधिरता जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित होगा।
भारत सरकार स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा राज्य शासन के निर्देशानुसार आयोजित अंतर्राष्ट्रीय बधिर सप्ताह 21 से 27 सितंबर 2026 तक मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम ‘बधिर व्यक्तियों के मानवाधिकारों की घोषणा’ है। शिविर के माध्यम से श्रवण संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान, उपचार एवं आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
शिविर में कान की निःशुल्क जांच, बधिरता की प्रारंभिक पहचान, मूक-बधिर बच्चों के लिए परामर्श तथा कान से संबंधित बीमारियों का उपचार उपलब्ध रहेगा। जन्म से सुनने में असमर्थ बच्चों, हकलाने या तुतलाने वाले बच्चों, एकाग्रता एवं सीखने में कठिनाई का सामना कर रहे बच्चों सहित श्रवण संबंधी समस्या वाले लोगों को शिविर का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।
वृद्धजनों के लिए भी विशेष सुविधा उपलब्ध रहेगी। उम्र बढ़ने के कारण सुनने में कठिनाई का सामना कर रहे बुजुर्गों की श्रवण जांच की जाएगी तथा पात्र हितग्राहियों को निःशुल्क श्रवण मशीन का वितरण किया जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिलेवासियों से अपील की है कि श्रवण संबंधी समस्या वाले व्यक्ति एवं उनके परिजन अधिक से अधिक संख्या में जिला चिकित्सालय बैकुण्ठपुर पहुंचकर इस निःशुल्क शिविर का लाभ लें। उन्होंने कहा कि समय पर जांच एवं उचित परामर्श से श्रवण संबंधी समस्याओं की पहचान और उपचार में मदद मिल सकती है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बलवंत सिंह के मार्गदर्शन तथा सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. आयुष जायसवाल के नेतृत्व में शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित यह शिविर स्वास्थ्य सेवाओं को प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। निःशुल्क जांच, परामर्श एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के इस प्रयास के लिए जिलेवासियों की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया गया है।

