Thursday, October 1, 2026
Latest:
कोरियाछत्तीसगढ़

बुजुर्गों के पैर छूकर लिया आशीर्वाद, नागरिकों ने लिया अंगदान-देहदान का संकल्प

बुजुर्गों के पैर छूकर लिया आशीर्वाद, नागरिकों ने लिया अंगदान-देहदान का संकल्प

कलेक्टर-एसपी ने स्वयं का स्वागत कराने के बजाय बुजुर्गों को दिया सम्मान

कलेक्टर बोलीं-इन अनुभवों की खान का आशीर्वाद हमारे लिए किसी पुरस्कार से कम नहीं

कोरिया, 01 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर बैकुण्ठपुर के शासकीय आदर्श रामानुज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मिनी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में सेवा, सम्मान और संवेदना की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव और पुलिस अधीक्षक श्री हरीश राठौर ने स्वयं का स्वागत कराने के बजाय वरिष्ठजनों के सम्मान को प्राथमिकता दी।जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने बुजुर्गों के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।

कार्यक्रम में जहां वरिष्ठजनों के सम्मान ने नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और अनुभव की पूंजी से जोड़ने का संदेश दिया, वहीं नागरिकों द्वारा अंगदान और देहदान का संकल्प मानव सेवा की भावना को नई दिशा देता नजर आया।

आज वृद्धजन दिवस है, इसलिए सम्मान इनका होना चाहिए
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि आज वृद्धजन दिवस है और ऐसे अवसर पर सम्मान का केंद्र वरिष्ठजन ही होने चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवनभर परिवार और समाज के निर्माण में योगदान देने वाले बुजुर्ग अनुभवों की खान हैं।
उन्होंने कहा, ‘जिन्होंने हमारा हाथ पकड़कर हमें आगे बढ़ाया, आज हमारी जिम्मेदारी है कि हम उनका हाथ पकड़ें। इन वरिष्ठजनों का आशीर्वाद ही हमारे लिए किसी पुरस्कार से कम नहीं है।’

कलेक्टर ने कहा कि वरिष्ठजन केवल उम्र में हमसे बड़े लोग नहीं हैं, बल्कि उनके पास जीवन के लंबे अनुभव की ऐसी पूंजी है, जिससे परिवार और समाज को हर कदम पर मार्गदर्शन मिलता है। उन्होंने नागरिकों से वरिष्ठजनों के साथ समय बिताने, उनसे संवाद करने और उनके अनुभवों का सम्मान करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव, पुलिस अधीक्षक श्री हरीश राठौर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री योगेंद्र श्रीवास ने स्वयं का स्वागत कराने के बजाय वरिष्ठजनों के सम्मान को महत्व दिया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बुजुर्गों के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। यह दृश्य कार्यक्रम में उपस्थित लोगों के लिए विशेष रूप से भावुक और प्रेरणादायी रहा।

अंगदान का संकल्प, देहदान की पहल
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर मानव सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए नागरिकों ने मरणोपरांत अंगदान और देहदान के लिए पंजीयन कराया।

बैकुंठपुर निवासी श्री शैलेश शिवहरे, श्री अनिल शर्मा, श्री लालसाय चिकंजुरी, श्री विकास मित्रा, नायक, रिटायर्ड सैनिक ने संपूर्ण अंगदान किया, विमला भगत, श्री अजय कुमार साहू ने नेत्रदान किया तो वहीं भूपेंद्र कुमार पॉल ने देहदान का पंजीयन कराया।

अंगदान और देहदान के इन संकल्पों ने कार्यक्रम में सेवा की भावना को और गहरा किया। यह पहल इस विचार को सामने लाती है कि मानव सेवा की भावना जीवन के बाद भी जारी रह सकती है।

2500 से अधिक लोगों ने कराया स्वास्थ्य जांच के लिए पंजीयन
वरिष्ठजनों के सम्मान के साथ उनके स्वास्थ्य की चिंता को भी कार्यक्रम में प्रमुखता दी गई।आयोजित वृहद निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 2500 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच के लिए पंजीयन कराया।
शिविर में रक्तचाप, मधुमेह, हीमोग्लोबिन, आंख, हड्डी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकीय परामर्श, निःशुल्क दवा वितरण, आयुष्मान कार्ड एवं आभा कार्ड निर्माण की सुविधा भी उपलब्ध रही। कलेक्टर ने 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों से आयुष्मान वय वंदन कार्ड बनवाने तथा वरिष्ठजनों के लिए संचालित शासकीय योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

18 दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को मिले सहायक उपकरण
कार्यक्रम में 18 दिव्यांगजनों एवं बुजुर्गों को ट्रायसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी और छड़ी सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। मत्स्य पालन विभाग द्वारा पांच हितग्राहियों को जाल एवं आइस बॉक्स भी प्रदान किए गए।

सेवा दान में भी दिखी जनभागीदारी
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘आइए, किसी चेहरे की मुस्कान का हिस्सा बनें’ की भावना के साथ संचालित सेवा दान महाअभियान में बड़ी संख्या में नागरिकों, सामाजिक संगठनों, विभिन्न संघों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। लोगों ने जरूरतमंद बच्चों के लिए खिलौने, कपड़े, पुस्तकें, कॉपियां, पेन और स्टेशनरी सहित विभिन्न सामग्री दान की। एसईसीएल बैकुण्ठपुर की ओर से भी बच्चों के लिए सामग्री प्रदान की गई। कलेक्टर ने सेवा दान अभियान में सहभागी सभी संगठनों, अधिकारियों, नागरिकों और दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

सेवा संकल्प अभियान का संदेश
कार्यक्रम में डिजिटल साक्षरता, सड़क एवं साइबर सुरक्षा, दिव्यांगजन सहयोग, अंगदान संकल्प, नशा-मुक्त भारत, वीरगाथा एवं सैनिक सम्मान तथा सैनिक कल्याण से संबंधित जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। विभिन्न विभागों द्वारा नागरिकों को शासन की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मोहित पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना राजवाड़े, एसईसीएल बैकुण्ठपुर के महाप्रबंधक श्री नरेश प्रसाद, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गीता राजवाड़े एवं श्रीमती शिव कुमारी सोनपाकर, वरिष्ठजन, पेंशनर समाज संघ, गणमान्य नागरिक श्री देवेंद्र तिवारी, श्री कृष्ण बिहारी जायसवाल, पंकज गुप्ता, शारदा गुप्ता, तीरथ राजवाड़े, मनोज साहू, रमेश तिवारी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, शहरवासी, ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *