शिवपुर-चरचा में 4.22 करोड़ की एसटीपी परियोजना का भूमिपूजन प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम व विधायक भईया लाल राजवाड़े ने रखी आधारशिला
kamrun nisha

शिवपुर-चरचा में 4.22 करोड़ की एसटीपी परियोजना का भूमिपूजन
प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम व विधायक भईया लाल राजवाड़े ने रखी आधारशिला
गांधी जयंती पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कोरिया, / सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत नगर पालिका परिषद शिवपुर-चरचा में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम तथा विधायक श्री भईया लाल राजवाड़े ने नगर पालिका क्षेत्र में 4 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का भूमिपूजन किया।
गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में छठघाट परिसर में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता गतिविधियां भी हुईं। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
शिवपुर-चरचा के विकास में संसाधनों की कमी नहीं होगी-मंत्री नेताम
प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम ने कहा कि महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों के साथ एसटीपी का भूमिपूजन होना महत्वपूर्ण है। गांधीजी ने स्वच्छता, सेवा और जनभागीदारी को विशेष महत्व दिया। उनके विचारों को आत्मसात करते हुए स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
विकास के लिए आवश्यक संसाधनों की कमी नहीं
श्री नेताम ने कहा कि शिवपुर-चरचा के विकास के लिए आवश्यक संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी। क्षेत्र की आवश्यकताओं और जनअपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। मंत्री श्री नेताम ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत काजू का पौधा रोपित किया।
स्वच्छ और सुंदर देश के निर्माण में सभी की सहभागिता जरूरी- विधायक राजवाड़े
बैकुंठपुर विधायक श्री भईया लाल राजवाड़े ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत एसटीपी निर्माण का भूमिपूजन किया गया है। गांधीजी के सपनों के स्वस्थ, स्वच्छ और सुंदर देश के निर्माण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर कार्य करना होगा। स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे व्यवहार और दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की आवश्यकता है।
विधायक श्री राजवाड़े ने कार्यक्रम के दौरान बेल का पौधा रोपित किया।
एसटीपी से जल प्रदूषण में कमी और स्वच्छता में होगा सुधार-कलेक्टर यादव
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि एसटीपी परियोजना शिवपुर-चरचा के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित कार्य है। उन्होंने बताया कि वन विभाग के सहयोग से परियोजना के लिए भूमि उपलब्ध हो पाई है। उन्होंने नगर पालिका को निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना का लाभ क्षेत्रवासियों को जल्द मिल सके। परियोजना की शासन स्तर पर भी निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है।
उन्होंने कहा कि एसटीपी के निर्माण से सीवेज के उचित उपचार में मदद मिलेगी तथा जल प्रदूषण में कमी आने के साथ झुमका क्षेत्र में पानी की गुणवत्ता और स्वच्छता में भी सुधार की उम्मीद है।
कलेक्टर ने कहा कि केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और जीवित रहना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने वन विभाग और नगरपालिका से पौधों की सुरक्षा के लिए फेंसिंग तथा नियमित देखरेख की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि लगाए गए पौधे विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें। कलेक्टर श्रीमती यादव ने बिही का पौधा रोपित किया।
गणमान्यजन व अधिकारियों ने भी किया पौधरोपण
कार्यक्रम में गणमान्यजन श्री देवेंद्र तिवारी ने आंवला तथा श्री कृष्ण बिहारी जायसवाल ने आम का पौधा रोपित किया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मोहित पैकरा, पुलिस अधीक्षक श्री हरीश राठौर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री योगेन्द्र श्रीवास, जिला वनमण्डलाधिकारी श्री चंद्रशेखर सिंह परदेशी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरुण कुमार जायसवाल एवं उपाध्यक्ष श्री राजेश सिंह ने भी विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का लिया गया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान छठघाट परिसर में वृक्षारोपण और स्वच्छता गतिविधियों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने सहभागिता की। गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर श्री शैलेष शिवहरे, श्री कमलेश शर्मा, तीरथ राजवाड़े, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती मुक्ता सिंह चौहान, पार्षदगण सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

