Friday, October 23, 2026
Latest:
newकोरियाछत्तीसगढ़

जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर, वनमंडलाधिकारी सहित जिले के अधिकारियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और संर्वधन का दिया संदेश , मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना की हुई शुरूआत

kamrun nisha


कोरिया 06 जून 2021/ विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज विकासखंड बैकुण्ठपुर के ग्राम पतरापाली एवं जूनापारा में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री वेदांती तिवारी, कलेक्टर श्री एसएन राठौर एवं वनमंडलाधिकारी बैकुण्ठपुर श्री एमोतेसू आओ ने पौधा रोपित कर मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना की शुरूआत की तथा पर्यावरण संरक्षण और संर्वधन का संदेश दिया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज अपने निवास कार्यालय में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में प्रदेश में मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्य कार्यापालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कुणाल दुदावत, एसडीएम बैकुण्ठपुर श्री एसएस दुबे, सीईओ जनपद पंचायत श्री सीएस शर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी फलदार पौधों का रोपण कर अपनी सहभागिता सुनिश्चित की। ग्राम पंचायत जूनापारा में कृषकों को वर्मी कम्पोस्ट का वितरण भी किया गया। इसमें कृषक मनोज कुमार, अरूण कुमार, राजेश पैंकरा, बंशी लाल, तुलेश्वर एवं कृषक जलजीत को वर्मी कम्पोस्ट का वितरण भी किया गया।
बता दें कि मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत जिन किसानों ने खरीफ वर्ष 2020 में धान की फसल ली है, यदि वे धान फसल के बदले अपने खेतों में वृक्षारोपण करते हैं, तो उन्हें आगामी 3 वर्षों तक प्रतिवर्ष 10 हजार रूपए प्रति एकड़ की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसी तरह ग्राम पंचायतों के पास उपलब्ध राशि से यदि वाणिज्यिक वृक्षारोपण किया जाएगा, तो एक वर्ष बाद सफल वृक्षारोपण की दशा में संबंधित ग्राम पंचायतों को शासन की ओर से 10 हजार रूपए प्रति एकड़ की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इससे भविष्य में पंचायतों की आय में वृद्धि हो सकेगी। इसके अलावा संयुक्त वन प्रबंधन समितियों के पास उपलब्ध राशि से यदि वाणिज्यिक आधार पर राजस्व भूमि पर वृक्षारोपण किया जाता है, तो पंचायत की तरह ही संबंधित समिति को एक वर्ष बाद 10 हजार रूपए प्रति एकड़ की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वृक्षों को काटने व विक्रय का अधिकार संबंधित समिति का होगा।