1386 स्कूलों के 68350 बच्चों के अभिभावकों को मिलेगा मध्यान्ह भोजन के अंतर्गत 40 दिनों का सूखा राशन
कमरुन निशा

कोरिया 3 अप्रैल 2020/ राज्य शासन के द्वारा जारी पत्र के परिपालन में कलेक्टर श्री डोमन सिंह के मार्गदर्शन में जिले के प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के 68350 बच्चों के पालकों को मध्यान्ह भोजन के अंतर्गत 40 दिनों का सूखा राशन वितरण किये जाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। जिला शिक्षा अधिकारी ने आज यहां बताया कि कोरिया जिले के 1386 प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के 68350 बच्चों के पालकों को मध्यान्ह भोजन के अंतर्गत 40 दिनों का सूखा राशन 3 और 4 अप्रैल को वितरण किया जायेगा।

इसमें प्राथमिक शाला के 42131 और माध्यमिक शाला के 26219 बच्चों के अभिभावकों को दिया जायेगा। सूखा राशन में प्राथमिक शाला के बच्चों के लिए 4 किलो चावल, 800 ग्राम दाल, माध्यमिक शाला के बच्चों के लिए 6 किलो चावल और एक किलो दाल दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण के रोकथाम एवं नियंत्रण तथा लॉकडाउन के कारण स्कूलों में मध्यान्ह भोजन संचालित नहीं किया जा रहा है। राज्य सरकार के निर्देशानुसार 3 और 4 तारीख (दो दिवस) को वितरण हेतु बच्चों की दर्ज संख्या अनुसार खाद्य सामग्री के पैकेट सी.ए.सी, प्रधानपाठकों, शिक्षकों, एवं समूहों के सदस्यों के द्वारा तैयार कर लिए गए हैं।

सोशल डिस्टेंस का ध्यान रखते हुए विकासखंड मनेन्द्रगढ़ में खाद्य सामग्री के पैकेट का वितरण आज से शुरू कर दिया गया है। इसी तरह स्कूल शिक्षकों एवं रसोइया द्वारा सभी बच्चों के घर-घर जाकर अभिभावकों को सूखा राशन वितरण किया जायेगा। 02 दिन में वितरण नहीं होने पर आवश्यकता अनुसार तिथि में वृद्धि करते हुए वितरण पूरा किया जायेगा।
