आदर्श आचार संहिता के उलंघन के तहत कांग्रेस प्रत्याशी को नोटिस जारी रिटर्निंग ऑफिसर ने मांगा तीन दिन के भीतर जवाब

Kamrun nisha

कोरिया 04 नवम्बर 2023/ रिटर्निंग ऑफिसर विधानसभा क्षेत्र 03 बैकुण्ठपुर श्रीमती अंकिता सोम ने बैकुंठपुर विधानसभा निर्वाचन के इण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती अम्बिका सिंहदेव को आदर्श आचार संहिता के उलंघन किए जाने पर कल 3 नवम्बर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
बता दे भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 9 अक्टूबर से विधानसभा आम निर्वाचन हेतु घोषणा जारी किये जाने के साथ ही कोरिया जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ में आदर्श आचार संहिता प्रभावशील है।
रिटर्निंग अधिकारी श्रीमती अंकिता सोम ने जानकारी दी है कि वीडियो निगरानी दल के प्रतिवेदन एवं वीडियो के अवलोकन में यह पाया गया कि 2 नवम्बर 2023 को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिन्दी माध्यम विद्यालय पटना (हाई स्कूल करजी) ग्राउण्ड में इण्डियन नेशनल कांग्रेस के स्टार प्रचारक डॉ. चरणदास महंत का आपके पक्ष में आयोजित चुनावी सभा में स्कूल के बच्चों द्वारा स्कूल युनिफॉर्म में स्टेज पर जन प्रतिनिधियों को गुलदस्ता से स्वागत किया गया एवं फोटोग्राफ हेतु पोज दिया गया। विदित हो कि चुनावी सभा के आयोजन हेतु स्कूल के प्राचार्य द्वारा दिये गये अनापत्ति प्रमाण पत्र के आधार पर रिटर्निंग आफिसर 03 बैकुण्ठपुर द्वारा सभा के आयोजन हेतु अनुमति जारी की गई थी किन्तु स्कूल यूनिफॉर्म में आये अन्य बच्चों एवं श्रोताओं के साथ स्टेज के सामने बैठकर एवं खड़े होकर चुनावी प्रचार के भाषण को सुना गया। इस प्रकार स्कूली बच्चों को युनिफॉर्म में चुनावी सभा में सम्मिलित कराया गया, जो भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है।

रिटर्निग ऑफिसर श्रीमती अंकिता सोम ने कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती अंबिका सिंहदेव को तीन दिन के भीतर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। आदेश पत्र में यह भी कहा गया है कि नियत समयावधि में जवाब प्रस्तुत न होने पर एकपक्षीय कार्यवाही की जाएगी।

80 बरस के बुजुर्ग और 40 प्रतिशत दिव्यांग मतदाताओं को घर में मतदान कराने की व्यवस्था
7 से 9 नवम्बर तक चलेगा अभियान

कोरिया / विधानसभा सामान्य निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 03, बैकुंठपुर के रिटर्निंग अधिकारी श्रीमती अंकिता सोम ने जानकारी दी है कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़, रायपुर के निर्देशानुसार अनुपस्थित श्रेणी के ऐसे मतदाता जिनकी उम्र 80 या 80 वर्ष से अधिक हैं एवं 40 प्रतिशत दिव्यांग मतदाता प्रारूप-12 घ में आवेदन प्रस्तुत कर डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान कर सकते हैं।
वहीं ऐसे मतदाताओं के मतदान के लिए मतदान दल को घर-घर जाकर डाक मतपत्र के द्वारा मतदान सम्पन्न कराने की जिम्मेदारी दी गई है। आदेश के अनुसार 13 मतदान दलों का गठन किया गया है, जो तीन दिन, 7 से 9 नवम्बर तक सुबह 10 से शाम 5 बजे तक यह कार्य करेंगे।
बता दे बैकुंठपुर विधानसभा निर्वाचन में दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 2 हजार 90 है और 80 वर्ष ये उससे अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 1 हजार 231 है।

आदर्श आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन,पटना प्राचार्य हुआ निलंबित
नोटिस का जवाब नहीं था संतोषजनक

कोरिया / भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 9 अक्टूबर, 2023 को विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2023 हेतु संपूर्ण कोरिया जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावशील है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विनय कुमार लंगेह ने आज स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिन्दी माध्यम विद्यालय पटना (हाई स्कूल करजी) के प्राचार्य को आचार संहिता के स्पष्ट उल्लंघन के दोषी पाए जाने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
बता दें वीडियो निगरानी दल के प्रतिवेदन एवं वीडियो के अवलोकन में यह पाया गया कि 2 नवम्बर 2023 को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिन्दी माध्यम विद्यालय पटना (हाई स्कूल करजी) ग्राउंड में विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 03 बैकुण्ठपुर की इण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती अम्बिका सिंहदेव के पक्ष में आयोजित इण्डियन नेशनल कांग्रेस के स्टार प्रचारक डॉ. चरणदास महंत की चुनावी सभा में स्कूल के बच्चों द्वारा स्कूल यूनिफॉर्म में स्टेज पर जन प्रतिनिधियों को गुलदस्ता से स्वागत एवं फोटोग्राफ हेतु पोज दिया गया।
इसके पश्चात् स्कूल यूनिफॉर्म में आये अन्य बच्चों एवं श्रोताओं के साथ स्टेज के सामने बैठकर एवं खड़े होकर चुनावी भाषण सुना गया, जो कि विद्यालय के प्राचार्य द्वारा चुनाव आदर्श आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन किया जाना पाया गया। उक्त स्कूल के प्राचार्य श्री देवकरण सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, प्रस्तुत जवाब समाधानकारक नहीं पाए जाने पर चुनाव आदर्श आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन एवं छ.ग. सिविल सेवा आचरण नियम 1965 की धारा (3) के विपरीत आचरण किये जाने पर श्री देवकरण सिंह, प्राचार्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलम्बन अवधि में उनका मुख्यालय जिला शिक्षा विभाग कोरिया में निर्धारित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.