जिले में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त को जिला मुख्यालय में प्रातः 9 बजे होगा मुख्य समारोह, कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने तैयारियों का लिया जायजा
जिले में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस समारोह
15 अगस्त को जिला मुख्यालय में प्रातः 9 बजे होगा मुख्य समारोह, कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने तैयारियों का लिया जायजा
कोरिया, जिला बैकुंठपुर
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देशानुसार जिले में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप जिला मुख्यालय सहित जनपद पंचायत, नगरीय निकाय, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थाओं में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला मुख्यालय में प्रातः 9 बजे होगा मुख्य समारोह
जिला मुख्यालय बैकुण्ठपुर में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह प्रातः 9 बजे से आयोजित किया जाएगा। समारोह में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ध्वजारोहण, राष्ट्रगान एवं परेड सहित अन्य कार्यक्रम होंगे। परेड में पुलिस, नगर सेना, एनसीसी सहित निर्धारित टुकड़ियां शामिल होंगी। समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति एवं छत्तीसगढ़ की संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम को गरिमामय एवं रोचक बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री के संदेश का होगा वाचन
जिला मुख्यालय के समारोह में मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन मुख्य अतिथि बैकुंठपुर विधानसभा के विधायक श्री भईया लाल राजवाड़े द्वारा किया जाएगा। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं नक्सली हिंसा में शहीदों के परिवारजनों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित किए जाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जनपद, नगरीय एवं पंचायत स्तर पर भी होंगे कार्यक्रम
जनपद पंचायत मुख्यालयों में संबंधित जनपद पंचायत अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके पश्चात सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत ‘वन्दे मातरम्’ एवं राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ का गायन होगा। ऐसे नगर पालिका एवं नगर पंचायत, जिनका मुख्यालय ब्लॉक मुख्यालय पर नहीं है, वहां संबंधित अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा।
ग्राम पंचायत मुख्यालयों में सरपंच तथा बड़े गांवों में गांव के मुखिया द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन होगा तथा उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व, देश की एकता एवं अखंडता के प्रति दायित्वों के लिए प्रेरित किया जाएगा।
शैक्षणिक संस्थाओं में प्रभात फेरी, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियां
जिले के सभी शिक्षण संस्थाओं में ध्वजारोहण के साथ सांस्कृतिक, साहित्यिक, खेलकूद, वृक्षारोपण एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। शिक्षण संस्थाओं द्वारा प्रातःकाल प्रभात फेरी भी निकाली जाएगी। विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों के उपरांत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार, प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान किए जाएंगे।
शासकीय भवनों एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर होगी रोशनी
स्वतंत्रता दिवस की रात्रि में जिले के शासकीय एवं सार्वजनिक भवनों तथा राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों पर रोशनी की जाएगी। कलेक्टर द्वारा जिले की शासकीय एवं सार्वजनिक संस्थाओं से भी अपने भवनों पर ध्वजारोहण तथा रात्रि में भवनों को रोशन करने की अपील की गई है।
शासकीय कार्यालयों में मुख्य समारोह से पहले होगा ध्वजारोहण
जिला मुख्यालय के मुख्य समारोह के प्रातः 9 बजे प्रारंभ होने को ध्यान में रखते हुए बैकुण्ठपुर स्थित शासकीय कार्यालयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम प्रातः 9 बजे से पूर्व पूर्ण किए जाएंगे, ताकि अधिकारी-कर्मचारी जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के शासकीय आदर्श रामानुज स्कूल के मिनी स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में शामिल हो सकें।
लाउड स्पीकर पर बजाए जाने वाले गीत एवं अन्य सामग्री सुरुचिपूर्ण एवं कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस समारोह में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करते हुए राष्ट्रीय पर्व को गरिमा, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाने की अपील की है।

