नगर पालिका बैकुंठपुर के अनावश्यक स्वीकृत कार्यों के विरोध में, कोरिया कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता बोले—जनहित की जगह ऐसी जगह राशि खर्च न हो, जहां भविष्य में निर्माण तोड़ने की नौबत आए
kamrun nisha

नगर पालिका बैकुंठपुर के अनावश्यक स्वीकृत कार्यों के विरोध में, कोरिया कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता बोले—जनहित की जगह ऐसी जगह राशि खर्च न हो, जहां भविष्य में निर्माण तोड़ने की नौबत आए
बैकुंठपुर (कोरिया), 2026
नगर पालिका बैकुंठपुर अंतर्गत अधोसंरचना मद से स्वीकृत विकास कार्यों में जनहित के दृष्टिकोण से पुनर्विचार की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने आज कोरिया कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नगर पालिका क्षेत्र में स्वीकृत 13 विकास कार्यों के लिए कुल ₹300.64 लाख की राशि में से कुछ कार्यों को वर्तमान परिस्थितियों में अनावश्यक बताते हुए उनकी समीक्षा करने की मांग की गई। उन्होंने विशेष रूप से एनएच-43 के दोनों ओर एसईसीएल कार्यालय से मुक्तिधाम तक प्रस्तावित पाथवे निर्माण पर सवाल उठाते हुए कहा कि खरवत से जमगहना तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रस्तावित है। ऐसे में अभी पाथवे बनाने के बाद सड़क चौड़ीकरण के दौरान उसे तोड़ने की स्थिति बन सकती है, जिससे सरकारी राशि का दुरुपयोग होगा।
प्रमिला होंडा से नगर पालिका परिसर तक बी.टी. सड़क निर्माण, इंदिरा पार्क के सामने से जनपद तिराहा तक सड़क मरम्मत तथा मानस भवन के पास पार्क निर्माण सहित चार कार्यों पर पुनर्विचार की मांग की गई।
कांग्रेस ने मानस भवन के पास पार्क के स्थान पर पालिका बाजार विकसित करने का सुझाव दिया, जिससे स्थानीय युवाओं एवं छोटे व्यापारियों को रोजगार के अवसर मिलने के साथ नगर पालिका को भी आय प्राप्त हो सके। सभी संबंधित कार्यों का स्थल निरीक्षण कर नगर पालिका परिषद में पुनर्विचार किया जाए और स्वीकृत राशि को ऐसे विकास कार्यों में लगाया जाए, जहां वास्तव में आवश्यकता है। साथ ही आगामी नगरपालिका चुनावों को देखते हुए कांग्रेस ने इन कार्यों का क्रियान्वयन चुनाव के बाद शुरू किए जाने की मांग की, ताकि शासकीय विकास कार्यों के माध्यम से चुनाव प्रभावित होने की किसी भी संभावना को रोका जा सके।
प्रदीप गुप्ता ने कहा कि जनता के पैसों का इस्तेमाल दिखावे या राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि शहर की वास्तविक जरूरतों को पूरा करने के लिए होना चाहिए। कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर लगातार आवाज उठाती रहेगी।
इस दौरान पर जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, महामंत्री बृजवासी तिवारी, ब्लॉक आशीष यादव लल्ला, रियाजउद्दीन, दीपक गुप्ता एवं अन्य कांग्रेस मौजूद रहे।।।

