ट्रेन के इंतजार में स्टेशन पर बैठे यात्रियों पर अंधाधुंध फायरिंग

पटना I बिहार के बेतिया में चनपटिया रेलवे स्टेशन पर अज्ञात अपराधियो ने फायरिंग की है. फायरिंग की इस घटना से जहां पूरा इलाका थर्रा गया वहीं इस गोलीबारी की घटना में चार लोग घायल हुए हैं जिसमें से एक की हालत गंभीर है. घायलों को इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया है जबकि तीन का इलाज गर्वनमेंट मेडिकल कालेज अस्पताल में चल रहा है.
घटना शनिवार देर रात लगभग साढ़े 12 बजे की है जब चनपटिया रेलवे स्टेशन पर अमृतसर से दरभंगा जाने वाली जननायक एक्सप्रेस स्टेशन पर खड़ी थी. उसी वक्त अज्ञात आरोपियों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी गई. आरोपियों ने लगभग 18 राउंड फायरिंग की जिससे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और यात्री भागने लगे. इसी दौरान जान बचाकर भाग रहे चार यात्री को गोली लग गई. अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि गोलीबारी किसने और क्यों की है लेकिन रेल पुलिस व चनपटिया थाना मामले की तहकीकात में जुट गई है.
घायल यात्रियों में वीरेंद्र साहनी, अजय पासवान व मूनरिका दास का इलाज गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है जबकि संदीप कुमार को सीने में गोली लगी है जिसकी हालत चिंताजनक है. उसे इलाज के लिए पीएमसीएच भेज दिया गया है. घायल यात्रियों ने बताया कि किसी को कुछ पता नहीं चला है और जैसे ही जननायक एक्सप्रेस स्टेशन पर पहुंची है उसके कुछ मिनट बाद ही अचानक गोली चलने लगी है और लोग इधर उधर जान बचाकर भागने लगे. गोली चलाने वाले अपराधी कुछ नहीं देख रहे थे सिर्फ लोगो पर गोलियां बरसा रहे थे और लोग अपनी जान बचाकर भाग रहे थे.
चनपटिया थानाध्यक्ष मनीष कुमार शर्मा ने बताया कि अभी तक यह पता नहीं चल सका है कौन लोग थे जो इस तरह गोलीबारी कर रहे थे और क्यों लोगो पर गोली बरसा रहे थे. उन्होंने बताया कि चनपटिया रेलवे स्टेशन पर कोई सीसीटीवी भी नहीं लगा है जिससे अपराधियों के बारे में कुछ पता चल सके. हालांकि पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है और घटना के वक्त मौजूद रेलकर्मियों व यात्रियों से भी पूछताछ की जा रही है.
